राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने पिलखुवा में छिजारसी टोल के पास एक कार से तीन करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। कार शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही थी। डीआरआई ने शनिवार को खुफिया सूचना के आधार पर कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान एक बैग से 35 लाख रुपये मिले, जबकि कार के दरवाजों में बनाए गए गुप्त खानों से 2.65 करोड़ रुपये बरामद हुए।
डीआरआई के मुताबिक, कार सवार लोग बरामद नकदी के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। वे नकदी के स्रोत के बारे में भी जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई है, जो आगे की कार्रवाई करेगा।
शाहजहांपुर से आ रही कार में इतनी बड़ी रकम मिलने को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आगामी चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बरामद नकदी का चुनावों से संबंध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। डीआरआई की कार्रवाई के बाद अब आयकर विभाग नकदी के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच करेगा।











