होटल के कमरे में सजी थी जुए की महफिल, पुलिस ने मारा छापा, दस लोग गिरफ्तार

0
153

ऋषिकेश पुलिस ने होटल में चल रहे जुए के खेल का भंडाफोड़ करते हुए दस लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए की फड़ पर रखी 2,80,130 रुपए की नकदी और 208 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में जनपद में अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर की रात ऋषिकेश पुलिस की टीम गुमानीवाला और श्यामपुर क्षेत्र में होटल चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार में पहुंचकर होटल के रजिस्टरों का निरीक्षण किया और कमरों की जांच की।

चेकिंग के दौरान होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 102 से शोरगुल सुनाई दिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे के अंदर दस व्यक्ति गोल घेरा बनाकर बैठे हुए थे। उनके बीच ताश के पत्ते और नकदी रखी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर सभी व्यक्ति हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र सिंह रावत (34), अभिषेक रौतेला (26), मनोज (33), संजय प्रजापति (32), कमल प्रजापति (25), अजय प्रजापति (32), शंकर प्रजापति (28), मोहित (31), ऋषि (45) और सुल्तान सिंह (53) के रूप में हुई है।

सभी आरोपी ऋषिकेश क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 2,80,130 रूपये की नकदी और 52-52 पत्तों के चार सेट यानी कुल 208 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अतिरिक्त आरोपियों की तलाशी में 11 मोबाइल फोन भी मिले।

पुलिस ने नकदी और ताश के पत्तों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद कर दिया। इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश में सार्वजनिक जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ऋषिकेश पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का अभियान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here