खुली मिठाई की ट्रे पर अब दर्ज होगी एक्सपायरी डेट, दिवाली से पहले आ रहा नियम

0
23

उत्तराखंड में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो, इसके लिए फूड एंड सेफ्टी विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। खुली मिठाई की ट्रे पर अब एक्सपायरी डेट होगी। इसके लिए प्रदेशभर में अभियान चलाया जाएगा।

उत्तराखंड में मिठाई कारोबारियों को अब खुली मिठाइयों की ट्रे पर साफ तौर पर निर्माण की तिथि और एक्सपायरी तिथि दर्ज करनी होगी। 26 अक्तूबर से राज्य में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। खाद्य संरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय की ओर से इस संदर्भ में आदेश किए गए हैं

खाद्य संरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों का उपयोग तीन दिन से लेकर 30 दिन के भीतर सुरक्षित माना जाता है। लेकिन कई बार लंबे समय से दुकानों पर बासी मिठाई रखने की शिकायत मिल रही थी।

ऐसे में अब उपभोक्ताओं को ताजी व साफ मिठाई उपलब्ध कराने के लिए खुली मिठाइयों की भी निर्माण और एक्सपायरी जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। विनय शंकर पांडेय ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया गया है।

हल्द्वानीः शहर में भी दुकानों पर जांची जाएगी मिठाई की गुणवत्ता

त्योहारी सीजन से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब मिठाई की दुकानों में बिकने वाली खुली मिठाइयों पर निर्माण की तारीख और उनके उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है।

खाद्य संरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय की ओर से आदेश जारी होने के बाद हल्द्वानी शहर में भी विभाग शीघ्र फील्ड में उतरकर व्यापारियों को नए नियम बताएगा। दुकान में काउंटर या ट्रे में लगी मिठाइयों पर निर्माण की तारीखें लगाने की अपील करेगा। नई व्यवस्था 26 अक्तूबर से लागू होनी है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय सिंह के मुताबिक अभी आदेश जारी हुए हैं। ग्राहकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व उनके उपयोग की अवधि के बारे में जानकारी दी जाएगी। बताया कि दीपावली के मद्देनजर हल्द्वानी में मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के साथ मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्धारित नियमों की जांच भी की जाएगी। आंकड़ों के अनुसार शहर में रोजाना करीब 15 कुतंल मिठाई की बिक्री होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here