स्टेज पर डांसर को थप्पड़ मारा, लोगों ने घेरा तो दारोगा ने तानी पिस्तौल; बेगूसराय में भारी बवाल

0
5

बिहार के बेगूसराय जिले में एक पुलिसवाले की दबंगई के बाद जमकर बवाल हो गया। इस पूरे बवाल का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि दुर्गा पूजा के प्रोग्राम में दारोगा ने पहले एक महिला डांसर को थप्पड़ जड़ा और फिर जब लोगों ने विरोध किया तो उसने अपनी पिस्टल निकाल कर तान दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान की है। यहां मंदिर प्रबंधन समिति ने भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया था।

इस कार्यक्रम में आसपास के कई लोग की भीड़ भी थी और सभी जागरण कार्यक्रम क आनंद ले रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 3 बजे इस जागरण कार्यक्रम के मंच पर फिल्मी गानों पर महिला डांसर डांस कर रही थीं। इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात दारोगा अचानक मंच पर चढ़े और महिला डांसर को पीछे से थप्पड़ मार दिया। दारोगा की इस हरकत की वजह से वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए।

दारोगा के मंच से नीचे उतरने के बाद लोगों ने दारोगा को घेर लिया और उनसे डांसर पर हाथ उठाने की वजह पूछने लगे। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद तिलमिलाए दारोगा ने अचानक अपनी कमर में लगी पिस्टल निकाल ली और भीड़ पर तान दिया। वीडियो में दारोगा गालियां देते भी नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में यह सबकुछ साफ नजर आ रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दारोगा वहां देर रात तक चल रहे कार्यक्रम को बंद करवाने के लिए गए थे। उनके कहने के बावजूद कार्यक्रम बंद नहीं किया गया था। डांसर को मारने से पहले दारोगा कि कार्यक्रम के आयोजक के साथ भी धक्का-मुक्की हुई थी। कहा जा रहा है कि जब उनके कहने पर भी कार्यक्रम बंद नहीं हुआ तब वो स्टेज पर चढ़ गए थे।

इधर महिला डांसर का कहना है कि दारोगा के कहने पर उनलोगों ने डांस बंद कर दिया था। लेकिन इसके बावजूद दारोगा ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। महिला डांसर ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि जिस तरह भीड़ के सामने उन्होंने उन्हें थप्पड़ मारा है उसी तरह उन्हें सबके सामने उनसे माफी मांगनी चाहिए।

हालांकि, इधर इस वायरल वीडियो पर पुलिस के बड़े अफसरों की भी नजर गई है। पुलिस का कहना है कि जागरण कार्यक्रम में अश्लील डांस हो रहा था। इसकी वजह से वहां अव्यवस्था की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान पुलिसवालों ने स्टेज पर चढ़कर स्थिति को काबू करने की कोशिश की थी और उनके साथ धक्का-मुक्की हुई थी। फिलहाल इस पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here