ऋषिकेश में गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी नाम से रिजॉर्ट चला रहे ग्रेटर नोएडा के कारोबारी नीरज गुप्ता ने गंगा में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ के तलाशी अभियान में उनका पता नहीं चल सका है। कारोबारी ने गंगा में छलांग लगाने से पहले स्टाफ के कर्मचारी के हाथ 6 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है। एक पन्ने में सुसाइड की वजह और बाकी में कहानी है। मामले में पत्नी ने नीरज के दोस्त रवि बजाज और गगन बत्रा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
रिजॉर्ट संचालक की पत्नी विनीता ने जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसे के लेनदेन के विवाद में दो नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों पर पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। लापता संचालक की तलाश में पुलिस को गंगा किनारे उसके जूते और घड़ी मिली है। आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस लापता संचालक की तलाश में जुट गई है। लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी के मुताबिक विनीता गुप्ता निवासी एटीएस ग्रीन पैराडिसो, ग्रेटर नोएडा, यूपी ने बुधवार को तहरीर दी।
तहरीर में उन्होंने 52 वर्षीय पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा के नाम से रिजॉर्ट संचालित करने का जिक्र किया है। जमीन की खरीद-फरोख्त और पैसे के लेनदेन के विवाद में रवि बजाज और गगन बत्रा निवासी कनखल हरिद्वार तथा अन्य पर पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पांच पन्नों के सुसाइड नोट की जानकारी भी पीड़िता ने दी है। तहरीर के आधार पर रवि बजाज, गगन बत्रा और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में पता चला है कि नीरज ने यह सुसाइड नोट रिजॉर्ट के ही एक कर्मचारी को दिया था। इसके बाद से वह लापता हैं। चश्मदीदों के अनुसार नीरज गंगा में छलांग लगाते हुए दिखे हैं। नीरज की तलाश में गुरुवार को भी गंगा में सर्च अभियान चलाया जाएगा। इस घटना के बाद से पत्नी और इकलौता बेटा सदमे में है।
एक पन्ने में सुसाइट नोट, बाकी में कहानी
पुलिस की मानें तो उन्हें छह पन्ने का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक पन्ने में सुसाइड का जिक्र है, अन्य पांच पन्नों में कई तरह की जानकारियों का जिक्र है। थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि सुसाइड नोट चश्मदीदों और गंगा किनारे नीरज के जूते और घड़ी मिलने के बाद तलाशी के लिए गंगा में अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कारोबारी का कोई सुराग नहीं लगा है। मगर पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।











