एक गांव में मंगलवार रात हरियाणा से आई बारात में उस समय विवाद छिड़ गया जब घराती पक्ष को दूल्हे के बदले जाने की आशंका हो गई। विवाह की रस्मों को रोक दोनों पक्षों में वाद विवाद हुआ। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बाराती पक्ष के सात लोगों को हिरासत में ले लिया है।
घटना उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के राधनपुर गांव में मंगलवार की रात की है। जहां गांव में एक कन्या का विवाह हरियाणा के एक युवक के साथ निश्चित हुआ था। रात में हरियाणा से बारात रायबरेली के राधनपुर गांव पहुंची। बारात पहुंचने के बाद विवाह की कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। रात के वक्त घराती पक्ष को फोटो में दिखाए गए लड़के और दूल्हा बने लड़के अलग-अलग होने की शंका पर अचानक से विवाह की रस्में रुक गई। इसके बाद दोनों पक्षों में वाद विवाद शुरू हो गया। कई घंटे की जोर आजमाइश के बाद भी बात नहीं बनने पर मामला बिगड़ गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वर पक्ष के 7 लोगों को हिरासत में ले लिया।
इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया घराती पक्ष के मुताबिक विवाह कराने वाले व्यक्ति द्वारा जिस लड़के की फोटो दिखाई गई थी। वह लड़का दूल्हा नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। बाराती पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। घराती पक्ष को बुलाया गया है। जांच की जा रही है।