कमरा बंद कर महिला ने लगाई फांसी, 4 दिन पहले प्रेमी की ट्रेन से कटकर हो गई थी मौत

0
166

एक महिला ने कमरे का दरवाजा बंद कर खुद को फांसी ली। फंदे से लटककर महिला के आत्महत्या करने की इस घटना ने इलाके के लोगों को दुखी कर दिया। अभी चार दिन पहले ही महिला के प्रेमी की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। पुलिस ने महिला के पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त की और उसके परिवारीजनों को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस महिला के बारे में और जानकारी इक्ट्ठा कर रही है।

सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवली के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी थी। उस शख्स ने पुलिस को बताया था कि शनिवार की शाम को ही 40 वर्षीय एक महिला ने उनका कमरा किराए पर लिया था। तभी से कमरे का दरवाजा बंद है। इतने समय तक दरवाजा न खुलने और अंदर से कोई आहट भी नहीं सुनाई पड़ने से मकान मालिक परेशान था। उसे आशंका होने लगी तो इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था और कोई आवाज नहीं आ रही थी। लिहाजा पुलिस के पास दरवाजा तोड़ने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था।

अंतत: कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस कमरे के अंदर गई तो वहां महिला फंदे से लटकी हुई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। यह देखकर हर कोई हैरान रह गया। इसके बाद महिला की पहचान की कोशिश की गई। आधार कार्ड के जरिए मृतका की शिनाख्त फिरोजाबाद जिले के गांव की निवासी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

एक हफ्ते पहले युवक के साथ चली गई थी महिला

परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले वह किसी युवक के साथ चली गई थी। जिसके संबंध में उन्होंने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि चार दिन पहले उस युवक की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। सीओ ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here