उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में रविवार रात बड़ा बवाल हो गया। काशीपुर में देर रात कुछ लोग बिना अनुमति सड़क पर जुलूस निकाल रहे थे। जब पुलिस उन्हें रोकने पहुंची तो उन्होंने पुलिस वालों को पीट दिया। इतना ही नहीं पुलिस की 112 गाड़ी पर भी पथराव किया। इससे गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि भीड़ आई लव मोहम्मद के नारे लगा रही थी।
रविवार रात लगभग 10 बजे शहर के अल्ली खां में कुछ लोग ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस निकाल रहे थे। पुलिस का कहना है कि इसकी प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इस बात की सूचना किसी ने डायल 112 पर दी। इसके बाद डायल 112 में तैनात दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों को पीटा
पुलिसकर्मी ने जुलूस रोकने की कोशिश की थी, प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया गया। किसी तरह पुलिस कर्मी गाड़ी को बैक गेयर पर लेकर वहां से भागे।
आधा दर्जन लोग हिरासत में
वहीं भीड़ में फंसे पुलिसकर्मी भी किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले। एएसपी अभय प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। एएसपी ने बताया कि तथ्य जुटाए जा रहे हैं। अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी।









