लतीफ भट गोली खाकर मरा, CRPF बॉस हो गए खुश; अब कश्मीर में भारत के दुश्मन जीरो

0
10

जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी हिस्से में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद दक्षिण कश्मीर में सक्रिय स्थानीय आतंकी कमांडर का आखिरी नाम भी मिट गया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, लतीफ भट जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आखिरी प्रशिक्षित स्थानीय आतंकी था। उसकी मौत को घाटी में स्थानीय आतंकियों के नेटवर्क के लगातार कमजोर होने के एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

लतीफ भट करीब एक साल से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। इस दौरान वह कई बार सुरक्षा बलों की घेराबंदी से बच निकलने में कामयाब रहा। कुलगाम के जांगलगाम गांव में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने उसे घेर लिया था। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।

CRPF बॉस हो गए खुश

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक जीपी सिंह ने लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा बलों की पीठ थपथपाई। उन्होंने जवानों की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बधाई हो साथियों! कुछ चीजें ठंडे मौसम में भी ठंडे तरीके से ही परोसी जाएं तो बेहतर होती हैं।”

पांच साल में 50-60 से घटकर एक रह गए थे स्थानीय आतंकी

जम्मू-कश्मीर में स्थानीय आतंकियों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगातार गिरावट आई है। करीब पांच साल पहले सुरक्षा अधिकारियों का अनुमान था कि जम्मू-कश्मीर में 50 से 60 स्थानीय आतंकी सक्रिय थे। मई 2025 तक यह संख्या घटकर 17 रह गई थी। इनमें 14 आतंकी कश्मीर और तीन जम्मू क्षेत्र में सक्रिय बताए गए थे।

इसके बाद स्थानीय आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई जारी रही। अगस्त 2026 में सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के हवाले से रिपोर्ट सामने आई कि लतीफ भट जम्मू-कश्मीर में सक्रिय अकेला स्थानीय आतंकी रह गया है। ऐसे में उसके मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब सक्रिय स्थानीय आतंकी कमांडर का कोई दूसरा नाम नहीं है।

नवंबर 2025 में घर से लापता हुआ था लतीफ भट

लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेवन गांव का रहने वाला था। वह पहले बढ़ई का काम करता था। नवंबर 2025 में उसके परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। 19 नवंबर 2025 को कुलगाम पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इसी दौरान वह आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया था। नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें उसके लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े प्रॉक्सी संगठन कश्मीर रिवोल्यूशन आर्मी (KRA) में शामिल होने की बात कही गई थी।

इसके बाद वह दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। उसके खिलाफ कई गंभीर आतंकी घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले के लिए 15 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

पुलिसकर्मी और दो प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़ा नाम

लतीफ भट का नाम दक्षिण कश्मीर में हुई कई आतंकी घटनाओं की जांच में सामने आया था। सुरक्षा एजेंसियां उसे 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल की हत्या से जोड़कर देख रही थीं। इसके अलावा 31 जुलाई को कुलगाम के किलम इलाके में एक ईंट भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या में भी उसकी संलिप्तता का आरोप था। उस पर अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाने की योजना से जुड़े होने का भी संदेह था।

हाल ही में 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन गांव में सीआरपीएफ के एक पोस्ट पर हुए हमले में भी उसका नाम सामने आया था। इस हमले में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले लतीफ भट और उसके सहयोगी उमर निसार डार ने मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम समेत कई स्थानों की रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों की गतिविधियां सामने आने की बात भी अधिकारियों ने कही थी।

कई बार सुरक्षा बलों की घेराबंदी से बच निकला था

लतीफ भट को पकड़ना सुरक्षा बलों के लिए आसान नहीं रहा। वह कम से कम दो बार पहले भी सुरक्षा बलों की घेराबंदी से बचने में कामयाब रहा था। दिसंबर 2025 में अनंतनाग में सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी गतिविधियों का पता चला था, लेकिन वह सुरक्षा बलों के हाथ नहीं आया। इसके बाद 8 जुलाई 2026 को अनंतनाग के जंगलों में सुरक्षा बलों ने उसे और कुछ अन्य आतंकियों को घेर लिया था। इस अभियान में लश्कर का आतंकी जाकिर अहमद गनई मारा गया था। गनई को लतीफ भट की भर्ती और ट्रेनिंग से जुड़ा बताया गया था, लेकिन भट वहां से भी भागने में सफल रहा।

इसके बाद 16 नवंबर को कुलगाम के लारू बाईपास के पास सुरक्षा बलों ने लतीफ भट और उसके सहयोगी उमर निसार डार को घेर लिया। मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट एक बार फिर बच निकला। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। आखिरकार 18 नवंबर को जांगलगाम में हुई मुठभेड़ में उसका अंत हो गया।

स्थानीय आतंकियों का नेटवर्क कमजोर होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी

लतीफ भट का मारा जाना केवल एक आतंकी कमांडर के खात्मे तक सीमित नहीं है। इसका बड़ा महत्व इसलिए है क्योंकि वह सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में जम्मू-कश्मीर का आखिरी सक्रिय प्रशिक्षित स्थानीय आतंकी था। पिछले पांच वर्षों में स्थानीय आतंकियों की संख्या में भारी गिरावट आई है।

स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती और उनके जरिए घाटी में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने का नेटवर्क सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती रहा है। ऐसे में लतीफ भट के मारे जाने से इस नेटवर्क को एक और बड़ा झटका लगा है। हालांकि, विदेशी आतंकियों की मौजूदगी और सीमा पार यानी पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाली आतंकी गतिविधियों की चुनौती अभी भी बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here