हीरोइन बनकर फिल्मों में काम करने की चाहत में एक लड़की 90 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गई। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर फिल्मों की शूटिंग और विज्ञापनों में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया था। फिर
फिल्मों में हीरोइन बनाने और बड़े एक्टर्स के साथ विज्ञापनों में काम दिलाने का झांसा देकर एक युवती और उसके परिवार से 90 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्रॉसिंग रिपब्लिक के लाबोनी अपार्टमेंट निवासी अंजलि कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2024 में उनकी मां सीता देवी के फेसबुक पर अमोल कोचे नाम के व्यक्ति का विज्ञापन देखा था। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताया था। विज्ञापन में फिल्मों की शूटिंग और विज्ञापनों में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया गया था।
अंजलि के मुताबिक संपर्क करने पर आरोपी ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए आधार कार्ड, फोटो और तीन हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस मांगी। उन्होंने भेजे गए क्यूआर कोड पर रकम भेज दी। बाद में आईडी कार्ड न मिलने पर नाराजगी जताई तो आरोपी ने तीन हजार रुपये वापस कर दिए।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने दोबारा संपर्क कर उसे बड़ी फिल्मों के साथ-साथ बड़े अभिनेताओं के साथ हीरोइन का लीड रोल दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि जनवरी 2026 तक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकदी के जरिए 90 लाख रुपये से अधिक वसूल लिए। एसीपी प्रियीश्री पाल के मुताबिक, क्रॉसिंग रिपब्लिक एविंग व्यंक हाईट्स सोसाइटी निवासी आमोल कोचे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर शुरू की वसूली
अंजलि का आरोप है कि कुछ दिन बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि उसका हीरोइन के लीड रोल के लिए चयन हो गया है। हालांकि, पहली बार भुगतान मिलने से पहले 1.5 लाख रुपये सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर जमा करने होंगे। आरोपी ने विश्वास दिलाया कि फिल्म में काम पूरा होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी। नौ जनवरी 2025 से उन्होंने भुगतान करना शुरू किया। आरोपी वीडियो कॉल पर उसके नाम का एग्रीमेंट भी दिखाता था। फिल्म शुरू होने में देरी होने पर वह वित्त मंत्रालय और आरबीआई में बजट संबंधी कागजी कार्रवाई लंबित होने का बहाना बनाता रहा।









