जयमाला के बाद सात फेरों से पहले भागने लगा दूल्हा, बाराती भी दावत उड़ाकर खिसके

0
120

नैनीताल जिले के बिंदुखता गांव में शादी समारोह के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब जयमाला के बाद दूल्हा सात फेरे लेने से मुकर गया। बवाल के बाद बाराती भी खिसकने लगे। पुलिस के सामने दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की करतूत बताई।

शादी की खुशियां थीं, घर मेहमानों से भरा था और दुल्हन सात फेरों के लिए तैयार बैठी थी। बारात का धूमधाम से स्वागत हुआ। जयमाला की रस्म भी पूरी हो गई और बारातियों ने जमकर दावत उड़ाई। शादी की बाकी रस्में भी हंसी-खुशी आगे बढ़ रही थीं। लेकिन जैसे ही सात फेरों का वक्त आया, दूल्हे के तेवर अचानक बदल गए। उसने दुल्हन के साथ फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, वह मौके से भागने लगा। यह देखकर शादी समारोह में हंगामा मच गया। हालात बिगड़ते देख बाराती भी धीरे-धीरे वहां से खिसकने लगे। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और उसे पुलिस चौकी पहुंचा दिया।

मामला नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली युवती का विवाह कालाढूंगी क्षेत्र के एक युवक से तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां चल रही थीं। बताया गया कि युवक और युवती के बीच पिछले करीब एक साल से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। इस दौरान दोनों एक-दूसरे को जानने-समझने लगे थे।

दहेज में कार मांग रहा था युवक

हालांकि, युवती पक्ष का आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था। परिवार ने शुरुआत में उसकी इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें उम्मीद थी कि शादी तय होने के बाद सब कुछ सामान्य तरीके से संपन्न हो जाएगा। गुरुवार को तय कार्यक्रम के मुताबिक युवक बारात लेकर युवती के घर पहुंचा। घर में शादी की रस्में शुरू हुईं। बारातियों का स्वागत किया गया और जयमाला के बाद दावत का दौर भी चला। इसके बाद जब विवाह की सबसे अहम रस्म यानी सात फेरों की तैयारी होने लगी तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से मना कर दिया।

बताया गया कि दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाया और इसी बात को शादी से इनकार करने की वजह बताया। उसने यहां तक कह दिया कि अगर उसे जबरन शादी के लिए मजबूर किया गया तो इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होगी। दूल्हे के इस रुख से दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

कुछ ही देर में शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच दूल्हा मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हंगामा बढ़ता देख बाराती भी वहां से निकलने लगे। ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और पुलिस चौकी ले गए। युवती पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर युवक ने ऐन वक्त पर शादी तोड़ दी।

प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here