देशभर में लोगों से साइबर ठगी कर हासिल की गई रकम नैनीताल जिले में एटीएम के जरिए निकाली गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लोगों ने 5 % कमीशन के लालच में बैंक खाते साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए किराए पर दिए थे। साइबर के हॉटस्पॉट इलाकों में हल्द्वानी शहर और मुखानी दर्शाया गया है।
शुक्रवार रात पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में जिले के आठ थानों में 43 मुकदमे दर्ज किए। पुलिस के अनुसार इन खातों में बाहरी राज्यों से ठगी की रकम का लेनदेन हुआ। रकम निकालने के लिए एटीएम और चेक सहित विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किए जाने की जांच की जा रही है। साइबर ठगी की रकम कई खातों से गुजरने के बाद तीसरी-चौथी लेयर में नैनीताल जिले तक पहुंच रही थी। जांच में सामने आया कि पकड़े जाने की डर से शातिर पहले ही खातों को लेयर में बांटते हैं और फिर लोगों को चूना लगाने के बाद म्यूल खातों में धनराशि डाल देते हैं। तत्काल पैसा निकाल भी लेते हैं।
इन जगहों के एटीएम से निकाली राशि
साइबर सेल विशेषज्ञ बीएल कुशवाहा ने बताया, जिले के तमाम एटीएम से ठगी का पैसा निकाला गया। इनमें हल्द्वानी में काठगोदाम, रामनगर, लालकुआं, भवाली, कालाढूंगी आदि जगह सामने आई हैं। जिले में साइबर के हॉटस्पॉट इलाकों में हल्द्वानी शहर और मुखानी दर्शाया गया है, जहां से अब तक 30 मामले म्यूल खाते से संबंधित आ चुके हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि साइबर अपराध मामले में 40 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। ठगी का पैसा म्यूल खातों से निकाला है, जो कई राज्यों से होकर नैनीताल पहुंचा। एटीएम, चेक और विभिन्न माध्यमों से पैसा निकाला गया। खाताधारकों की संदिग्धता की जांच चल रही है।
इन राज्यों का पैसा
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, ओडिशा, बेंगलुरु, पंजाब, राजस्थान, बिहार समेत यूपी से ठगी करने के बाद नैनीताल के म्यूल एकाउंट में पैसा आने की आशंका जताई गई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ितों की शिकायत के बाद वह पोर्टल पर ट्रेसिंग करते हैं, जैसे ही नकदी की निकासी होती है तो नोटिफिकेशन आता है।
दो मिनट में उड़ाई रकम
पूर्वी खेड़ा निवासी एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से महज दो मिनट में 1.20 लाख रुपये की निकासी साइबर ठगों ने की है। पीड़ित के अनुसार 14 अक्तूबर की शाम बैंक खाते से 10 हजार रुपये कटने का संदेश आया। इसके दो मिनट बाद दूसरे खाते से 49 हजार रुपये की दो पेमेंट कट गईं। तहरीर के आधार पर काठगोदाम पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करवाचौथ से पहले ‘साड़ी ऑफर’ का जाल
करवाचौथ और त्योहारों पर साड़ी खरीदने की तैयारी कर रही महिलाओं को सोशल मीडिया पर दिए जा रहे डिस्काउंट के ऑफर भारी पड़ सकते हैं। इंस्टाग्राम पर छह से सात हजार रुपये तक की साड़ी महज 1500 रुपये में देने का लालच देकर साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
साइबर सेल के एसआई बीएल कुशवाहा ने बताया, आकर्षक वीडियो, डिजाइनर साड़ियों की तस्वीरें और कम कीमत देखकर लोग ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं। इसके बाद ऑर्डर में दिक्कत आने पर कस्टमर केयर का नंबर खोजते हैं। यहीं से साइबर ठग उनकी जमा पूंजी पर सेंध लगा देते हैं। हल्द्वानी साइबर सेल में पिछले पांच दिनों में ऐसी ठगी से जुड़ी 10 महिलाओं ने शिकायत की है।
दो दिन में दो मुकदमे दर्ज हुए
साइबर सेल हल्द्वानी के आईटी विशेषज्ञ एसआई बीएल कुशवाहा ने ऑनलाइन खरीदारी के दौरान अनजान लिंक और कॉल से सावधान रहने की सलाह दी है। हल्द्वानी में गूगल से मिले फर्जी नंबरों पर संपर्क करने से बरेली रोड निवासी महिला से 10 हजार और आरटीओ रोड निवासी नवविवाहिता से 7 हजार रुपये की ठगी हुई।










