एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां किसी घरेलू बात पर सास-बहू की कहासुनी से गुस्साए एक युवक ने अपने माता-पिता पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। इस दौरान आरोपी बेटे का हाथ की झुलस गया। आरोपी के पिता को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
यूपी के लखीमपुर खीरी के कोतवाली क्षेत्र के चखरा गांव निवासी बलराम शाह ने रविवार को अपने बेटे सपालू के खिलाफ रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे किसी बात पर उनकी पत्नी बैजंती देवी की अपनी बहू छाया से नोकझोंक हो रही थी। इस दौरान बाइक से घर पहुंचे उनके बेटे सपालू ने सास-बहू के बीच झगड़ा होते देख आपा खो दिया। उसने पहले अपनी मां और बीच-बचाव करने पर पिता को भी अपशब्द कहे। इसके बाद बेहद गुस्से में जान से मारने की नीयत से अपनी बाइक की टंकी से पेट्रोल निकालकर अपनी मां बैजंती और पिता बलराम शाह पर डालकर आग लगा दी। इससे दोनों झुलस गए।
इस दौरान आरोपी सपालू का हाथ भी काफी झुलस गया। कोतवाल गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी सपालू के खिलाफ हत्या के प्रयास व अपमानित करने के लिए अपशब्द कहने की रिपोर्ट लिख ली गई है। आग से झुलसे माता-पिता और आरोपी को निघासन सीएचसी से लखीमपुर भेजा गया था। वहां बैजंती देवी और सपालू अभी भर्ती हैं, जबकि बलराम शाह को हालत गंभीर होने के चलते लखनऊ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
बिल के रुपये मांगने पर बेटे-बहू ने मां-बाप को लाठी डंडों से पीटा
उधर, मां-बाप को मारने-पीटने का मामला बुलंदशहर से भी सामने आया है। जहां नगर कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर में बिजली बिल और हाउस टैक्स के रुपये मांगने को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि बेटे और बहू ने वृद्ध दंपती के साथ अभद्रता करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना में वृद्ध की पत्नी और दो पोतों को चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शांति नगर की मस्जिद वाली गली निवासी ढाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी रानी देवी के साथ रहते हैं। उनके घर में बेटा अनिल कुमार, बहू साक्षी और दो अन्य बेटे मनोज व राहुल भी रहते हैं। आरोप है कि 13 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे बिजली बिल और हाउस टैक्स के रुपये मांगने पर अनिल और साक्षी नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने रानी देवी, राहुल और मनोज के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें तीनों को चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी और बेटे राहुल का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के विवाद को लेकर पहले भी अभद्रता की जाती रही है।









