गाजियाबाद जिले में जल्द ही सड़क हादसों में कमी देखने को मिल सकती है। इसके लिए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस सड़क हादसे वाले 23 स्थानों की लिस्ट पीडब्ल्यूडी को सौंपकर इन पर सुरक्षा इंतजाम करने को कहा है।
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने जिले में सड़क हादसे वाले 23 स्थान चिह्नित किए हैं। इन पर सुरक्षा के इंतजाम कराए जाएंगे। पुलिस ने सड़क हादसे वाले इन सभी 23 स्थानों की लिस्ट बनाकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंप दी है।
जिले में सड़क हादसों में कमी लाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी भी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क हादसों में कमी लाने के निर्देश दे चुके हैं। दुर्घटना वाले संभावित स्थल चिह्नित कर सुरक्षा के इंतजाम करने के लिए बोल चुके हैं। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने दुर्घटना संभावित वाले स्थानों का सर्वे किया था। जनपद में 23 ऐसे स्थान चिह्नित किए जहां दुर्घटना होने की ज्यादा आशंका रहती है।
कुछ सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राम राजा ने बताया कि पुलिस ने हादसों की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर लिस्ट उपलब्ध करा दी है। इस माह सभी दुर्घटना वाले स्थानों पर सुधार कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत कहीं सड़क के कट दुरुस्त किए जाएंगे तो कहीं बंद कराया जाएगा। वहीं, जिन स्थानों पर अवैध कट हैं वहां ऊंचे डिवाइडर बनेंगे। कुछ सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों को समग्र योजना में शामिल किया गया है। इन कार्यों पर करीब 1.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इन स्थानों पर सुधार कार्य होंगे
इन जगहों पर किए जाएंगे सुरक्षा के इंतजाम सुधार कार्य के लिए चिह्नित स्थानों में पटेल नगर कट, निरीक्षण भवन कट, ठाकुरद्वारा कट, नवयुग मार्केट चौराहा, पुराना बस अड्डा गोल चक्कर, कलेक्ट्रेट कट, हापुड़ चुंगी, गोविंदपुरम कट और आईएमटी कॉलेज कट शामिल हैं। दूधेश्वरनाथ मंदिर कट, समतेराम रोड कट, रेलवे स्टेशन कट, चौधरी मोड़ चौराहा, गांधीनगर कट, तहसील कट, राकेश मार्ग कट और भाटिया मोड़ कट पर भी काम होगा। गाजियाबाद-लोनी रोड पर मंदिर के सामने बड़ा कट, लोनी तिराहे से राशिद अली गेट के बीच का कट, जावली गांव कट, लोनी बॉर्डर थाने के सामने का कट और इंद्रापुरी चौकी के सामने लोनी कट शामिल हैं। दिल्ली-साहिबाबाद मार्ग पर भी सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्य कराए जाएंगे।
कई सड़कों पर दस अवैध कट बंद करने की योजना
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन रामराजा ने बताया कि इससे पहले कुछ सड़कों पर सुधार कार्य कराए गए हैं। जनपद की कई सड़कों पर 10 अवैध कट भी बंद कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कई सड़कों पर पूर्व में भी सुधार कार्य कराए गए हैं।











