दिल्ली के स्वरूप नगर में 16 साल की लड़की की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था। गैंगरेप करने वाले आरोपियों का डीएनए सैंपल लड़की की बॉडी के अंदर मिले सीमेन से मैच कर गया है। सीएफएसएल की रिपोर्ट में बताया गया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का मिक्स डीएनए लड़की के शरीर में पाए गए सीमेन में था।
इस मामले की जांच करने वाले अधिकारियों ने बताया कि हत्या के बाद लड़की की बॉडी बुरी तरह सड़ गई थी, जिससे जांच करना बहुत जरूरी हो गया था कि मृतक के साथ इन्हीं आरोपियों ने गलत किया था। चंडीगढ़ एफएसएल की टीम ने बताया कि ऐसी अवस्था में जब डीएनए मिक्स हो जाता है तो ऐसे टेस्ट करना जरूरी हो जाता है। इसलिए सैंपल को जांच के लिए सीएफएसल टीम को भेजा गया था।
क्या था मामला
दिल्ली में टेंपो में सवार होकर साथ गई 17 साल की लड़की के साथ तीन नाबालिगों सहित चार लोगों ने रेप किया, चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को खुले खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि शव इस हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था कि तत्काल उसके लिंग का भी पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार, लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने कथित तौर पर एक टेंपो के भीतर एक साथ शराब पी, जिसके बाद लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि लड़की का क्षत-विक्षत शव 13 सितंबर को कुशक रोड स्थित जयपाल राणा के खेत के पास मिला था। उसने बताया कि शव के कुछ हिस्सों को आवारा कुत्तों ने खा लिया था और उसका एक हाथ शरीर से अलग पाया गया था।
लड़की के परिवार ने नहीं दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
लड़की के परिवार द्वारा उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने कहा कि उसके परिवार ने बताया कि वह अक्सर घर से चली जाती थी और कुछ दिनों बाद लौट आती थी। पुलिस के मुताबिक, “भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। चूंकि, कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था और अपराधियों की पहचान शुरू में अज्ञात थी, इसलिए पुलिस टीमों ने इलाके और आसपास के रास्तों को कवर करने वाले 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया था और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।









