देहरादून में गर्भवती महिला के साथ बुरी तरह मारपीट, आंखों में मिर्च झोंककर स्पा सेंटर में ले गए

0
20

पटेल नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने वारदात की जानकारी देते हुए कहा, ‘हमने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’

उत्तराखंड के देहरादून शहर से गर्भवती महिला के साथ अमानवीयता का मामला सामने आया है। यहां पर एक स्पा सेंटर के बाहर तीन महीने की गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, इस दौरान ना केवल उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उसे पीटा गया, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि महिला वहां पर अपने पति की तलाश में गई थी।

इस मामले को लेकर शुक्रवार शाम को देहरादून के पटेल नगर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई है। पीड़िता की पहचान शहर के खुर्बुरा इलाके की रहने वाली सायमा के रूप में हुई है। जिसने नेहा नाम की एक महिला और दो अज्ञात पुरुषों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मारपीट के बाद दो दिन तक सदमे में रही महिला

अपनी शिकायत में सायमा ने पुलिस को बताया कि, यह घटना 19 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे हुई, जब वह अपने पति को खोजने के लिए निरंजनपुर मंडी के पास स्थित ‘अमेंज स्पा सेंटर’ गई थी। इस दौरान जब वहां के कर्मचारियों ने शख्स के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया, तो उसने घर वापस लौटने का फैसला कर लिया।

काली कार से उतरे आदमी और औरत ने की मारपीट

सायमा ने आगे बताया कि, ‘इस दौरान जब मैं वहां से निकल ही रही थी तो पार्किंग गेट पर एक काली कार आकर रुकी। उसमें से एक आदमी और एक औरत बाहर निकले और मुझे गालियां देते हुए मेरे साथ मारपीट करने लगे। फिर उन्होंने मेरी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। वे मुझे जबरदस्ती घसीटते हुए ऊपर स्पा सेंटर में ले गए और मुझे जान से मारने की धमकी दी।’

पति को बताया पूरा मामला, वो अस्पताल लेकर गया

सायमा के अनुसार इस वारदात के पीछे स्पा सेंटर से जुड़े दो पुरुषों और एक महिला हैं, जिन्होंने मिलकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। महिला ने बताया कि, ‘मारपीट के बाद मैं तुरंत पुलिस स्टेशन जाने की हालत में नहीं थी। मैं इतनी डरी हुई थी कि मैंने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद वे मुझे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए।’

आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने इस घटना को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी देना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत FIR दर्ज की गई है।

उधर पटेल नगर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) नरेश राठौर ने वारदात की जानकारी देते हुए कहा, ‘हमने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here