दिल्ली पुलिस ने 8 माह के मासूम बच्चे को अगवा करने के आरोप में एक ट्रक ड्राइवर और दंपती समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रक ड्राइवर ने दिल्ली के मंडावली से बच्चे को अगवा कर अलीगढ़ में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार को दे दिया था।
तीन बेटियों के पिता को बेटे की चाहत इस कदर थी कि उसने आठ माह के मासूम का ही अपहरण करा लिया। इसके लिए उसने अपने रिश्तेदार ट्रक ड्राइवर को एक लाख रुपये देने का वादा किया था। ट्रक ड्राइवर दिल्ली से बच्चे को अगवा कर अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव ले गया और दंपती को सौंप दिया। हालांकि, परिजनों की शिकायत पर मंडावली थाना पुलिस ने इस संबंध में अपहरण की धारा में एफआईआर दर्ज कर महज 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय ऋषिपाल, 50 वर्षीय छत्रु और उसकी पत्नी 45 वर्षीय कुसमा के रूप में हुई है।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता लक्ष्मी अपने परिवार के साथ मंडावली इलाके में रहती है। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करती है। उसने बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी ज्योति नाम की महिला को दी हुई थी। घटना के दिन ज्योति बच्चे को लेकर पांडव नगर में सामान लेने गई थी।
मौका पाकर बच्चे को उठाकर ले गया व्यक्ति
इस दौरान एक व्यक्ति उसके पास पहुंचा और बातचीत के दौरान मौका पाकर आठ माह के बच्चे को उठाकर फरार हो गया। लक्ष्मी ने बच्चे के अपहरण की शिकायत पुलिस को दी। मंडावली थाना पुलिस ने संबंधित धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर जाता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसके भागने का रास्ता तलाशा। पुलिस ने टाटा-407 के रजिस्ट्रेशन नंबर से पुलिस ने ड्राइवर ऋषिपाल की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह बच्चे को अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव ले गया था, जहां उसने छत्रु और उसकी पत्नी कुसमा को बच्चा सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने वाजिदपुर गांव में दबिश देकर दंपती को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
बेटियों के बाद बेटा होने की चाह ने बनाया अपराधी
छत्रु की तीन बेटियां हैं और उसे बेटे की चाहत थी। इसी इच्छा में उसने करीब एक साल पहले अपने रिश्तेदार ऋषिपाल से बेटे की व्यवस्था करने की बात कही थी। ऋषिपाल ने उसे बच्चा लाकर देने का भरोसा दिया था। इसके बदले एक लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। ऋषिपाल छत्रु को देने के लिए पिछले एक साल से बच्चे की तलाश में लगा हुआ था।









