उत्तराखंड के नई टिहरी में बड़ा हादसा टल गया। यहां के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह 7 बजे उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब देहरादून के सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर जा रहा एक ट्रांस भारत एवियशन का हेलीकॉप्टर की अचानक कोई तकनीकी खराबी आने के चलते नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
स्टेडियम में खेल रहे थे बच्चे
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में 1 पायलट समेत 5 को मिलाकर 6 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। जिस समय हेलीकॉप्टर ने बौराड़ी स्टेडियम में आपात लैंडिंग की, उस समय वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और बच्चे भी मैदान में खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को उतरता देख वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हेलीकॉप्टर के लैंडिंग करते देख सभी लोग मैदान से थोड़ी देर के लिए पीछे हट गए।
आधे घंटे बाद दोबारा उड़ा
हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच पायलट की और पायलट ने फोन पर तकनीकी खराबियों को दुरुस्त करने को लेकर बात करने के बाद तकनीकी खराबी को दुरुस्त कर दिया। करीब 30-35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद तकनीकी खामी दूर हुई और हेलीकॉप्टर ने दोबारा गुप्तकाशी-केदारनाथ के लिए सफलता से उड़ान भरी। राहत की बात यह रही कि इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।










