नितिन नवीन-CM योगी की पदयात्रा से पहले सियासत तेज, कांग्रेस नेताओं ने नजरबंद करने का लगाया आरोप

0
3

गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा और पदयात्रा से पहले सियासत गरमा गई है। कई कांग्रेस नेताओंं ने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। उधर, सुबह 11 बजे के

 उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले सियासत तेज हो गई है। कई कांग्रेसी नेताओं ने पदयात्रा से पहले खुद को नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया है। उधर, बुधवार की सुबह 11 बजे के करीब गोरखपुर पहुंचे नितिन नवीन का एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। इसके बाद दोनों एमपी इंटर कॉलेज में जनसभा के मंच पर पहुंचे।

उधर, पदयात्रा से पहले कांग्रेस के कई नेताओं और पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भाजपा-कांग्रेस के दरमियान सियासी टकराव के बीच पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं के इस आरोप से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। खुद को नजरबंद किए जाने का आरोप लगाने वाले नेताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष और पीसीसी पर्यवेक्षक निर्मला पासवान, एआईसीसी सदस्य स्नेहलता गौतम, युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, प्रदेश सचिव अंकित पाण्डेय, विख्यात भट्ट और एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि यादव शामिल हैं।

पीसीसी पर्यवेक्षक निर्मला पासवान ने भाजपा की पदयात्रा को नौटंकी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने से क्यों बच रहा है। उन्होंने ‘वोट चोरी’ के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने की मांग की। वहीं, स्नेहलता गौतम ने कहा कि गंभीर संवैधानिक और चुनावी सवालों को राजनीतिक पदयात्राओं और दिखावटी आयोजनों से नहीं दबाया जा सकता। लोकतंत्र किसी सत्ताधारी दल की निजी जागीर नहीं है और न ही चुनाव आयोग भाजपा मुख्यालय का विस्तार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खुद लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही है।

कई इलाकों में सुबह सात बजे से लागू किया गया है डायवर्जन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम योगी आदित्यनाथ की एमपी इंटर कॉलेज मैदान से काली मंदिर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक करीब डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। बुधवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here