यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कंकरखेड़ा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता के बेटे प्रवल ने पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। शादी की सालगिरह से एक दिन पहले ही प्रवल ने आत्मघाती कदम उठाया और मरने से पहले एक वीडियो बनाकर पत्नी और उसके परिवार वालों पर धमकी देने और उत्पीड़न से परेशान होकर जान देने की बात कही गई थी। उधर, बेटे की खुदकुशी से आहत पिता को हार्ट अटैक आ गया।
पटेलपुरी निवासी राजीव गुप्ता भाजपा कंकरखेड़ा मंडल उपाध्यक्ष हैं। इनका बेटा प्रवल गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। एक साल पहले ऋषिनगर निवासी स्नेहा से प्रवल की शादी हुई थी। पिछले कुछ महीने से प्रवल और स्नेहा के बीच विवाद चल रहा है। केस में काउंसिलिंग करने वाले दारोगा पर भी धमकाने का आरोप लगाया गया है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद भाजपा नेता को भी दिल का दौरा पड़ गया, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौत से पहले वीडियो बना प्रवल ने बयां किया दर्द
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता के बेटे प्रवल ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी पत्नी स्नेहा और उसके परिवार वालों समेत एक दरोगा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार शादी कुछ ही दिन बाद स्नेहा की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी, जिसमें प्रवल पर दहेज मांगने, घरेलू हिंसा और उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। इस मामले में शनिवार को प्रवल और परिवार वालों को पुलिस लाइन में काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि काउंसिलिंग के दौरान इंस्पेक्टर में प्रवल और उसके परिवार वालों से अभद्रता की, पत्नी लगातार जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी।
इन्हीं बातों से परेशान होकर प्रवल ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे पारा पी लिया। बेहोशी की हालत में कैंट क्षेत्र में दोपहर को प्रवल पड़े मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद परिवार वालों को सूचना दी और प्रवल को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान रात करीब 9:30 बजे प्रवल की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही राजीव गुप्ता को गहरा सदमा लगा और उन्हें भी दिल का दौरा पड़ा। राजीव गुप्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विधायक समेत कई भाजपा नेता दौड़े
घटना की खबर मिलते ही कैंट विधायक अमित अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी अस्पताल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। यहां से प्रवल के शव को रात को ही मोर्चरी भिजवाया गया। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले में अफसरों से बात कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराई।










