गेहूं लेने गांव गए 35 वर्षीय बेटे राम अवतार जाटव की पिता ने कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। घटना से कुछ देर पहले पिता-पुत्र ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में शुक्रवार शाम का है। राम अवतार ई-रिक्शा से गेहूं लेने गांव गया था। पुलिस ने बताया कि पिता-पुत्र दोनों शराब पीने के आदी थे और घटना से कुछ देर पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नरेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी से हमला कर राम अवतार की हत्या कर दी और ई-रिक्शा लेकर वहां से चला गया।
काफी देर बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने घर जाकर देखा। राम अवतार खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नरेश को गांव के बाहर से दबोच लिया। परिजनों ने बताया कि नरेश करीब 15 साल से बदायूं में रहकर सब्जी बेचता था, जबकि राम अवतार ने लोन पर ई-रिक्शा लिया था।
गांव न जाते तो बच जाती जान- बिलखते हुए कहती रही पत्नी
अगर गेहूं लेने गांव नहीं जाते तो शायद मेरे पति की जान बच जाती, अब तीन बच्चों को कैसे पालूंगी। पति की हत्या के बाद पत्नी मंजू के ये शब्द हर किसी की आंखें नम कर रहे थे। जिस पति के सहारे जिंदगी गुजर रही थी, उसके जाने के बाद मंजू के सामने तीन बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य की चिंता सता रही है।
राम अवतार की हत्या के बाद पत्नी मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। पति को खोने का गम और तीन बच्चों के पालन-पोषण की चिंता उसे अंदर तक तोड़ रही है। मंजू बार-बार यही कहकर बिलख रही थी कि अगर उसके पति गेहूं लेने गांव नहीं जाते तो शायद आज जिंदा होते। पति की हत्या ने उसे गहरे सदमे में डाल दिया है। मंजू ने बताया कि वह रोज की तरह शाम करीब पांच बजे काम करने चली जाती हैं। उनके पति मंडी गए थे, लेकिन वह गांव कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
कुछ महीने पहले ही लोन पर लिया था ई-रिक्शा
राम अवतार ने कुछ महीने पहले ही लोन पर ई-रिक्शा खरीदा था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में सहयोग करता था। अब बच्चों की परवरिश के साथ परिवार के सामने ई-रिक्शा के लोन की किस्तें चुकाने की चिंता भी है।
शराब बनी पिता-पुत्र के बीच विवाद की वजह
नरेश और उसके बेटे राम अवतार को शराब पीने की आदत थी। घटना से कुछ देर पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में युवक की हत्या की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, जिससे हत्या से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके। आरोपी को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








