उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘बैणी-भुली योजना’ के तहत पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पाने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना का आधिकारिक लाभार्थी आवेदन-पत्र सामने आ गया है, जिसमें महिला आवेदकों से उनकी व्यक्तिगत पहचान, समूह से जुड़ाव और प्रस्तावित स्वरोजगार का पूरा ब्योरा मांगा गया है। हालांकि योजना का अभी शासनादेश होना बाकी है।
आवेदन फॉर्म के पहले हिस्से में आवेदिका का नाम, पति या पिता का नाम, ग्राम, ग्राम पंचायत, विकासखंड, जनपद और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके साथ ही महिला का स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन (वीओ) और संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) का नाम व कोड देना अनिवार्य है।
आर्थिक सहायता सीधे खाते में भेजने के लिए बैंक का नाम, शाखा, खाता संख्या और आईएफएससी कोड भी भरना होगा। फॉर्म में आवेदिका को अपनी श्रेणी जैसे लखपति दीदी, पुनः लखपति दीदी या वर्तमान लखपति दीदी भी स्पष्ट करनी होगी। इस तरह से आवेदक महिलाओं को फॉर्म में सात प्रमुख खंडों में कुल 30 से अधिक अलग-अलग प्रविष्टियां व जानकारियां भरनी होंगी। उपायुक्त ग्राम्य विकास विभाग एके राजपूत ने बताया कि विभाग की ओर से यह फॉर्म पंचायत स्तर पर भरवाए जा रहे हैं।
वर्तमान आय और नए उद्यम की रूपरेखा भी बतानी होगी
फॉर्म में महिला की मुख्य आजीविका गतिविधि, आय का प्रमुख स्रोत और अनुमानित वार्षिक आय का विवरण मांगा गया है। यह भी बताना होगा कि वह कौन सा नया उद्यम कृषि, पशुपालन, गैर-कृषि या सेवा आधारित शुरू या विस्तारित करना चाहती है। इसमें सीआईएफ, सीसीएल या स्वयं के स्तर से लगने वाली कुल वित्तीय आवश्यकता और तकनीकी या विपणन प्रशिक्षण की जरूरत का भी उल्लेख करना होगा। अंत में स्व-घोषणा के बाद ग्राम संगठन और सीएलएफ का अनुमोदन जरूरी होगा।
‘बैणी-भुली’ योजना प्रलोभन : गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार की ओर से घोषित ‘बैणी-भुली योजना’ को चुनावी प्रलोभन करार देते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में महिलाओं की सुध न लेने वाली सरकार को चुनाव से ठीक दो महीने पहले मातृशक्ति की याद आई है। गोदियाल ने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में केवल पांच लाख महिलाएं ही हैं और बाकी महिलाओं को किस श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने योजना की पहली किस्त चुनाव से पहले और अगली किस्त बाद में देने की शर्त और नीयत पर संदेह जताया।
अंकिता भंडारी मामले में किया पलटवार
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लैंसडौन विधायक दिलीप रावत के बयान पर पलटवार करते हुए पूछा कि क्या अंकिता भंडारी के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता उनका मुंह बंद रखने की कीमत थी? उन्होंने कहा कि दिलीप रावत पहले कुल सहायता राशि बताएं, कांग्रेस वह रकम सरकार को लौटाने को तैयार है, बशर्ते माता-पिता के न्याय मांगने के अधिकार पर रोक न लगे। गोदियाल ने धारी देवी की कसम और चरित्र प्रमाण पत्र वाले बयान पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि आस्था के राजनीतिक इस्तेमाल से न्याय की लड़ाई नहीं थमेगी। कहा कि सरकार को जनहितों की अनदेखी वाले सभी मुद्दों का जवाब देना होगा, कांग्रेस इन मुद्दों पर मुखर रहेगी।
प्रीतम सिंह ने उठाए योजना की लॉन्चिंग पर सवाल
कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी बैणी-भुली योजना लांच किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने अपने दम पर उत्तराखंड राज्य बनाया, उनका वोट इतना सस्ता नहीं है कि सरकार कोई प्रलोभनकारी योजना लाकर उसे खरीद सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं बेहद स्वाभिमानी हैं, वह सरकार के इस तरह के प्रपंचों में नहीं आएंगी। भाजपा चुनाव हार रही है, यह बात उसे समझ आ गई है। इसलिए हताशा में इस तरह के निर्णय ले रही है।
सरकार का निर्णय ऐतिहासिक : भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने महिला उत्थान के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जो पूरे देश में नजीर बने हैं। बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर पलटवार करते हुए भट्ट ने कहा कि सरकार की योजनाएं जमीन पर दिख रही हैं, लेकिन कांग्रेस को दृष्टिदोष हो गया है, जिससे उन्हें यह नहीं दिखाई दे रहा। भट्ट ने धामी सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड देश में पहला राज्य बना, जिससे मुस्लिम महिलाओं को कुरीतियों से मुक्ति मिली।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में 30 और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया। मातृ मृत्यु दर घटकर 91 पर आई है। उन्होंने बताया कि 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण व 5 प्रतिशत बोनस मिल रहा है। भट्ट ने कहा कि नंदा गौरा योजना और जेंडर बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक बहनों ने “लखपति दीदी’’ बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में इतिहास रचा है।











