मैं राहुल मियां से कहता हूं…, वंदे मातरम विवाद पर नितिन नवीन बोले- कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए

0
45

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। वंदे मातरम को लेकर दिए बयान में नितिन नवीन ने राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर पुकारा। नवीन ने कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति को नहीं समझने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वंदे मातरम के महत्व को समझ ही नहीं सकते, क्योंकि उन्होंने भारतीय संस्कृति का महत्व नहीं समझा और विदेशी संस्कृति में पले-बढ़े हैं।

राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर पुकारा

नितिन नवीन ने हल्द्वानी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मित्रों, इस देश में ऐसे भी दल के लोग हैं, जो वंदे मातरम कहने में भी शर्मिंदगी महसूस करते हैं। मैं राहुल मियां से कहता हूं मित्रों कि राहुल जी, आप वंदे मातरम का महत्व समझ ही नहीं सकते।” उन्होंने आगे कहा कि वंदे मातरम की गूंज से हजारों-लाखों बलिदानियों ने देश की मिट्टी और आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि वंदे मातरम का पूरा गान करने से राहुल गांधी की मां और उनकी पार्टी अपमानित महसूस करती है।

‘कांग्रेस को निश्चित रूप से समाप्त कर देना चाहिए’

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “इस कांग्रेस को तो निश्चित रूप से हमें समाप्त कर देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल आजादी की गूंज नहीं है, बल्कि यह 2047 के विकसित भारत की आवाज भी है। नितिन नवीन ने कहा कि नई पीढ़ी को वंदे मातरम की गूंज से जोड़ना जरूरी है। उनके मुताबिक, बदलते वातावरण में वंदे मातरम सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अगर विकसित भारत के सपने को साकार करना है तो हर भारतीय को वंदे मातरम की इस गूंज के साथ आगे बढ़ना होगा।

राहुल गांधी पर लगातार हमलावर है भाजपा

वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी के बीच नितिन नवीन का यह बयान सामने आया है। अपने संबोधन में उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद के मुद्दे को भी जोड़ा। कांग्रेस की ओर से इस बयान पर प्रतिक्रिया आने के बाद राजनीतिक विवाद और बढ़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here