हरीश रावत ने ‘बबली’ कहा तो भड़कीं रेखा आर्या, बोलीं- आपने तो शर्म उसी दिन बहा दी थी…

0
181

कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हाल ही में प्रदेश की मंत्री रेखा आर्य को ‘बबली’ बताया था। यह बात उन्होंने स्कूली बच्चों के मध्याह्न भोजन और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले राशन में हुए घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कही थी। जिसके बाद अब मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को पलटवार किया। उन्होंने रावत को ‘कुर्सी कुमार’ और ‘राजनीतिक गिरगिट’ करार दिया, और कहा कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए वे बंदरों और भैंसों की बलि देने तक से पीछे नहीं हटेंगे।

इससे पहले एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने सोशल मीडिया के जरिए आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू को निशाने पर लिया था, और इस जोड़ी को ‘बंटी-बबली’ करार दिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि अगर ‘बबली’ के पास 210 करोड़ रुपए की संपत्ति है, तो सोचा जा सकता है कि ‘बंटी’ के पास कितनी संपत्ति होगी।

बता दें कि ‘बंटी और बबली’ नाम की एक फिल्म आई थी, जिसके दोनों मुख्य किरदार यानी हीरो और हीरोइन फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को धोखा देते थे और पैसे ऐंठते थे। तब से ही आमतौर पर किसी भी महिला-पुरुष की जोड़ी को ठग बताने के लिए बंटी-बबली शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।

रावत के हमले के बाद, आर्या ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने रावत को ‘डेनिस बाबा, कुर्सी कुमार, कुरसीभोगी महाराज, झूठाचार्य, स्वार्थ सम्राट, राजनीति का गिरगिट, वादों का व्यापारी, जनता का जुमलेबाज, लफ्फाजी लाल, चंदूलाल चिकरघिन्नी, जुमलेश्वर महाराज, देवभूमि का सौदागर जैसे नामों से संबोधित किया और रावत को सलाह देते हुए लिखा, ‘इस उम्र में आप कांग्रेस को ये दिखाने कि कोशिश में लगे हो कि मैं मोदी जी की नकल करके मोदी जैसा बन गया हूं लेकिन याद रखना : शेर की खाल ओढ़कर सियार शेर नहीं बन जाता।’

आर्या ने रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हुई राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कई आरोप भी लगाए। इनमें ‘डेनिस’ प्रकरण, नैनीसार भूमि विवाद और खनन से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने आगे दावा किया कि अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए रावत बंदरों और भैंसों की बलि देने तक से नहीं हिचकिचाएंगे।

आर्या ने अपनी पोस्ट में रावत को अपनी भाषा पर संयम रखने की सलाह भी दी। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले उन्होंने रावत को सलाह दी थी कि वे अपना बाकी जीवन शांति से बिताएं, लेकिन लगता है कि वे इस सलाह को समझ नहीं पाए।

आर्या ने कहा, ‘…मुझे आपकी उम्र का खयाल है, इसलिए मैं कठोर भाषा का इस्तेमाल करने से बचूंगी। मुझे उम्मीद थी कि जीवन के इस पड़ाव पर – जब आप खुद एक दादा हैं- तो आप ‘पहाड़ की बेटी’ के दुख-दर्द को समझेंगे। लेकिन आपने एक बेटी के दर्द के बजाय 210 करोड़ रुपए पर ध्यान देना चुना। खैर, यह तो आपका स्वभाव ही है, जो इंसान हमेशा ‘टॉप-अप’ (अतिरिक्त कमाई) की फिराक में रहता हो, वह पैसों से जुड़ी तकलीफ के अलावा किसी और दर्द को कैसे समझ सकता है?’

उन्होंने आगे कहा कि ‘रावत मुख्यमंत्री की कुर्सी देखते ही लार टपकाने लगते हैं, और उनकी इसी कभी न खत्म होने वाली लालच की वजह से अब तो उनकी अपनी पार्टी के लोग भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते…’ ‘बबली’ शब्द के इस्तेमाल पर आर्या ने कहा, ‘लगता है आप शायद भूल गए कि आपने भी एक से ज्यादा विवाह किए हैं और यदि आपकी बबलियों की तस्वीर लगाकर उन्हें बबलियां लिखा जाए तो आपको कैसा लगेगा, अरे हां भूल गई कि आपको कहां बुरा लगेगा आपने तो शर्म उस दिन अपनी जन्मभूमि मोहनरी के पास बह रही रामगंगा नदी में बहा दी थी, जिस दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने के लिए आपने देवभूमि की अस्मिता को ही दांव पर लगा दिया थाl’

अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब देते हुए, आर्या ने कहा कि रावत भ्रष्टाचार के बारे में बात कर रहे हैं, और वह भी सिर्फ एक वीडियो के आधार पर। उन्होंने आरोप लगाया, एक वीडियो देखकर आप कब से नैतिक साहस पर उपदेश देने लगे? आप अपने खुद के वीडियो क्यों नहीं देखते? एक वीडियो में, आपका सचिव राज्य की विभागीय नीति में बदलाव के बारे में बात कर रहा है, जिसमें दिल्ली में एक बड़ी रकम इकट्ठा करने का जिक्र है, और वह किसी को भरोसा दिला रहा है कि ‘मुख्यमंत्री के साथ सब कुछ तय हो गया है’।

आर्या ने आगे पूछा, ‘अगर आपके पास उस वीडियो की कॉपी नहीं है, तो मैं खुशी-खुशी आपको भेज दूंगी! क्या इसी वजह से आपको इस राज्य में ‘डेनिस बाबा’ का उपनाम मिला है?’ आर्या ने आगे कहा कि जब भी मुख्यमंत्री के रूप में रावत के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का मुद्दा उठता था, तो वह कहते थे, ‘न खाता न बही जो हरीश रावत कहे वही सही’, रेखा ने कहा, ‘यही घमंड सिर्फ आपको ही नहीं बेचारी कांग्रेस को भी ले डूबा।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here