भाजपा के प्रदेश अध्य पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर तंज कसा है। कहा है कि अखिलेश यादव को 12 नहीं बल्कि 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए। साथ ही रामभक्तों की हत्या के लिए माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा के प्रदेश अध्य पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 12 नहीं बल्कि 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए। साथ ही रामभक्तों की हत्या के लिए माफी मांगनी चाहिए। गौरतलब है कि अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सियासी हलचल यूपी में तेज हो गई है।
पंकज चौधरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने अपने पोस्ट में मिला, ‘अगर भगवान श्री राम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है! तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए। जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई। उस महापाप पर माफ़ी मांगिये। मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे, बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।’
चुनाव नजदीक आते ही क्यों याद आने लगे हैं श्रीराम
इससे पहले पंकज चौधरी ने कहा था कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की याद आने लगती है। जो नेता अब तक राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर सवालों के घेरे में रहे, उन्हें अब अयोध्या जाकर दर्शन करने की जरूरत महसूस हो रही है। आखिर चुनाव से ठीक पहले ही रामलला की याद क्यों आई? उन्होंने कहा कि अखिलेश को निश्चित रूप से रामलला के दर्शन करने चाहिए, लेकिन सनातन धर्म और हिंदू आस्था को लेकर उनके पुराने बयानों और राजनीतिक रुख पर भी उन्हें जवाब देना चाहिए। केवल चुनाव के समय मंदिर जाना और बाकी समय सनातन पर सवाल उठाना, जनता के बीच स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े करता है।
12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे सपा चीफ
गौरतलब है कि अयोध्या से समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक पवन पांडे ने बीते शनिवार को कहा था कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या स्थित राम मंदिर जाएंगे। इस घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई। पवन पांडे ने पत्रकारों से कहा, ‘अखिलेश और उनकी पत्नी डिंपल यादव 12 दिसंबर को राम मंदिर के साथ-साथ अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन करेंगे।’ इस घोषणा को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुलायम ने संविधान के अनुरूप गोली चलवाई थी: सपा सांसद
उधर, बलिया से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय ने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाने के उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव करते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने वही किया जो संविधान की रक्षा के लिए जरूरी था।










