धर्मनगरी हरिद्वार की विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी के पास आस्था से खिलवाड़ का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक शख्स अपनी पत्नी की फोटो पर थूकने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि शख्स अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज था और इसी नाराजगी में उसने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर डाला। उसकी फोटो पर थूककर गंगा में बहा दिया। वहीं इस शर्मनाक हरकत का वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
उन्होंने मामले में जांच और ऐसा करने वाले शख्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि शख्स के हाथ में एक फोटो दिखाई देती है, जिसे वह पहले अपमानजनक तरीके से व्यवहार करते हुए थूकता है और बाद में गंगा में बहा देता है। इतना ही नहीं शख्स गंगा में पिंड भी डालता हुआ दिखाई दे रहा है।
पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज ?
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर रहे लोगों द्वारा दावा किया जा रहा है कि ऐसी हरकत करने वाला शख्स अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज है और आवेश में आकर उसने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर डाला। मौके पर आसपास मौजूद कुछ लोग भी वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। तीर्थ पुरोहित समाज ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
‘सोशल मीडिया पर प्रसारित करना धर्म के विरुद्ध’
तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इस प्रकार की हरकत किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर इस तरह का वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना धर्म के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सब होता देखकर भी कुछ न बोलने वाले लोगों की भी गलती है। बताया कि उन्होंने पुलिस के संज्ञान में भी मामला डाला है। निश्चित रूप से ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है, तो निश्चित रूप से ऐसा शर्मनाक कृत्य करने वाले लोगों पर लगाम लगेगी।
‘मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवानी होनी चाहिए’
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने भी वायरल वीडियो की कड़ी निंदा की और कहा कि आज धार्मिक स्थलों पर ऐसा होने से मन को ठेस पहुंचती है। आज रील और व्यूज के चक्कर में सनातन धार्मिक स्थलों का मजाक बनाया जा रहा है, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवानी होनी चाहिए।
वहीं हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की वास्तविकता की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











