नाम बदलकर लड़की को मसूरी घूमाने ले जा रहा था, लोगों ने मुंह काला किया और चूड़ियां पहनाईं

0
244

नाम बदलकर देहरादून की एक लड़की को घुमाने ले जाना शादीशुदा मुस्लिम युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने नाम बदलकर युवती से दोस्ती की और उससे मिलने देहरादून पहुंचा था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर मुंह पर कालिख पोत दी और हाथों में चूड़ी भी पहना दी। लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

सरफराज से सागर बन गया था

पुलिस के अनुसार, घटना 19 मई की है। एक युवक और युवती देहरादून से बाइक से मसूरी की ओर जा रहे थे। इस दौरान किसी ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना दी कि युवक दूसरे समुदाय का है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों ने दोनों को कुठालगेट के पास रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने युवक से नाम पूछा तो उसने अपना नाम पहले सागर बताया। कार्यकर्ताओं ने युवक से आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज दिखाने को कहा। दस्तावेजों में उसका नाम सरफराज निकला। युवती ने खुद को देहरादून निवासी बताया।

युवती को भी पता नहीं था

युवक का असली नाम सरफराज होना युवती को भी पता नहीं था। युवती ने अपने भाई को मौके पर बुला लिया। युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर काफी हंगामा किया। इस दौरान कुछ लोगों ने युवक के मुंह पर कालिख पोत दी और चूड़ियां पहना दी। लोगों ने युवक के घर पर फोन किया तो पता चला कि उसकी एक साल पहले ही शादी हो चुकी थी। कुठालगेट चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में युवती की तहरीर पर आरोपी सरफराज निवासी लखीमपुर खीरी यूपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

युवक से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली

बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अमन स्वेडिया ने बताया कि नाम बदलकर युवती को ले जा रहे युवक की तलाशी लेने पर उसके पास आपत्तिजनक सामग्री भी थी। लखीमपुर का रहने वाला सरफराज, सागर वर्मा बनकर युवती से बात कर रहा था। उसने अपने घरवालों को बताया था कि वह गाड़ी के कागजात के काम से लखनऊ जा रहा है, लेकिन वह युवती को बहला-फुसलाकर मसूरी ले जा रहा था। रास्ते में बातचीत के दौरान युवती को उसके दूसरे समुदाय से होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने अपने भाई को फोन किया। भाई की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को राजपुर पुलिस के हवाले कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here