उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर पर 48 घंटे की मोहलत, नहीं माने तो कटेगी बिजली; पुलिस से भी मदद मांगी

0
258

घर और प्रतिष्ठान में बिजली का स्मार्ट मीटर नहीं लगाने पर कनेक्शन कट जाएगा। ऊर्जा निगम ने केंद्र सरकार के गजट नोटिफिकेशन के आधार पर नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। हल्द्वानी में उपभोक्ताओं को 48 घंटे की मोहलत दी गई है। इस मामले में पुलिस और प्रशासन से भी मदद ली जाएगी।

नोटिस के अनुसार 48 घंटे के अंदर मीटर नहीं बदलने पर बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। ऊर्जा निगम बिजली के पुराने मीटरों को बदलने की कार्रवाई कर रहा है। उपभोक्ताओं के लगातार विरोध से मीटर बदलने की गति धीमी बनी हुई है। मीटर बदलने के दौरान कई बार कार्मिकों और लोगों के बीच तनाव की स्थिति भी बन रही है।

उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू

अब ऊर्जा निगम ने मीटर नहीं बदलने का विरोध कर रहे उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए केंद्र सरकार के अप्रैल 2026 में जारी नोटिफिकेशन को आधार बनाया गया है। इसके अनुसार जिन स्थानों पर मोबाइल का नेटवर्क उपलब्ध है, वहां मीटर बदला जाना जरूरी है। इसके अनुसार विभाग नोटिस जारी कर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर बदलने के लिए 48 घंटे का समय दे रहा है। इसके बाद भी विरोध करने पर बिजली का कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब घर और प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया जा रहा है।

इनका क्या है कहना

हल्द्वानी में बमोरी मल्ली के पार्षद मुकुल बल्यूटिया का कहना है कि ऊर्जा निगम के साथ ही सभी विभागों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। निजी कंपनी के मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं को धमकाया जा रहा है। जिससे लोग परेशान हैं। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्याक्ष गोपाल अधिकारी का कहना है कि बिजली से जुड़ी सभी समस्याओं और आशंकाओं का समाधान होने तक स्मार्ट मीटर का विरोध किया जाएगा। इसके लिए सभी प्रधानों ने सामूहिक तौर पर प्रस्ताव पास किया है।

युवा मोर्चा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली के उपयोग से ज्यादा बिल लोगों को मिल रहे हैं। विभागीय एकतरफा कार्रवाई का लोगों के साथ मिल कर विरोध किया जाएगा।

पुलिस से भी मांगी मदद

ऊर्जा निगम ने मीटर बदलने के दौरान विवाद की स्थिति से बचाव के लिए प्रशासन और पुलिस से मदद मांगी है। विभाग ने पत्र जारी कर कहा कि स्मार्ट मीटर बदलने के दौरान विरोध होने पर कार्मिकों को खतरा बना हुआ है।

सुभाष नगर में आज चलेगा अभियान

ऊर्जा निगम की ओर से बिजली उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्ती और व्यवस्था सुधार का काम तेज हो गया है। इसी कड़ी में, विभाग ने बकायादारों और गड़बड़ मीटर वाले उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने के साथ-साथ पुराने या खराब मीटरों को बदलने का अभियान काफी तेज कर दिया है। अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि आज बुधवार को सुभाष नगर में विभागीय टीम अभियान चलाएगी। इस दौरान मीटर बदलने के साथ ही नोटिस देने की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे टीम का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here