उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को हड़कंप मच गया। शुक्रवार को जिले के कलेक्ट्रेट में एक ठेकेदार ने अचानक एक-एक कर अपने कपड़े उतारने शुरू कर दिए। उसने कपड़े-जूते सब उतार दिए। ठेकेदार ने अपने कपड़े और जूते सामने मौजूद क्लर्क को सौंप दिए। उसने राजस्व विभाग में तैनात उस क्लर्क पर 20 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। ठेकेदार के हंगामे पर वहां अच्छी-खासी भीड़ इक्ट्ठा हो गई। कलेक्ट्रेट के कर्मचारी और वहां मौजूद अन्य लोग मौके पर जुट गए।
ठेकेदार ने कहा कि उसके पास 20 हजार रुपए नहीं हैं। कपड़े देने को तैयार है। उधर, क्लर्क ने ठेकेदार द्वारा रिश्वत मांगे जाने के लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटवाना अनिवार्य बताया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ठेकेदार हंगामा करते हुए अपने कपड़े उतारता हुआ नजर आ रहा है। उसके आसपास कई कर्मचारी और सामान्य लोग मौजूद हैं। हर कोई कलेक्ट्रेट में अचानक सामने आए इस दृश्य से हैरान नजर आ रहा है।
हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचा था ठेकेदार
ठेकेदार विनेश कुमार शुक्रवार को 55 लाख रुपये का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व विभाग में पहुंचा। हैसियत प्रमाण पत्र के संबंध में ठेकेदार विनेश कुमार की लिपिक कुलदीप के साथ बात वार्ता हुई। कुलदीप ने ठेकेदार से कहा कि इस मामले में 20 हजार रुपये की लोकवाणी रसीद कटेगी। इसको लेकर विरोध शुरू हो गया। ठेकेदार ने कुलदीप पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। ठेकेदार ने बताया कि डेढ़ साल पहले दो हजार की रसीद कटवाई थी, अब रसीद 20 हजार रुपये की कैसे हो गई। ठेकेदार ने जमकर हंगामा किया और अपने कपड़े व जूते उतारकर लिपिक को सौंप दिए। हंगामा होने पर कर्मचारी और लोग एकत्र हो गए। कुछ देर बाद प्रकरण का वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो देखकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।
क्या बोले क्लर्क
कलेक्ट्रेट राजस्व विभाग में क्लर्क के रूप में तैनात कुलदीप कुमार ने कहा कि ठेकेदार के द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार है। ठेकेदार से कोई 20 हजार रुपये की रिश्वत नहीं मांगी गई है। 55 लाख रुपए के हैसियत प्रमाण पत्र के लिए नियमानुसार 20 हजार रुपए की लोकवाणी रसीद कटवाना अनिवार्य है। ठेकेदार बिना रसीद कटवाए हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने का दबाव बना रहा है। इसी को लेकर उसने हंगामा खड़ा कर दिया।
गांधीगिरी या हंगामा
मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में ठेकेदार द्वारा कपड़े उतारकर रिश्वत मांगने का आरोप लगाना उसकी गांधीगिरी है या महज हंगामा खड़ा करने की कोशिश, इस पर लोगों की राय बंटी हुई है। याद दिला दें कि कपड़े उतारकर रिश्वत का विरोध करने का एक दृश्य 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ में देखने को मिला था। उस फिल्म में एक बुजुर्ग शख्स अपनी रुकी हुई पेंशन पास कराने के लिए सरकारी दफ्तर जाता है। जब भ्रष्ट अधिकारी पेंशन की फाइल आगे बढ़ाने के लिए घूस मांगता है तो वह बुजुर्ग गांधीगिरी का रास्ता अपनाता है। वह एक-एक कर अपने कपड़े, चश्मा और घड़ी उतारकर मेज पर रखता है और कहता है कि पैसे तो नहीं हैं इन्हीं चीजों से रिश्वत की कीमत वसूल कर लो। ठेकेदार ने शुक्रवार को जिस तरह कलेक्ट्रेट में अपने कपड़े उतारे उसे उसी फिल्म से प्रेरित बताया जा रहा है लेकिन ठेकेदार का यह कृत्य गांधीगिरी है या सिर्फ हंगामा खड़ा करने की कोशिश इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।











