शाही थाने में तैनात समुदाय विशेष के हेड कांस्टेबल का दूसरे समुदाय की महिला सिपाही से प्रेम प्रसंग उजागर होने के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में दोनों को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के बीच संबंधों को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ मीरगंज से जांच कराने के बाद यह कार्रवाई की है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
हेड कॉन्स्टेबल और महिला सिपाही सस्पेंड
जानकारी के मुताबिक, बरेली के शाही थाने में तैनात हेड कांस्टेबल बहादुर शाह जफर शादीशुदा है, जबकि रिक्रूट महिला सिपाही अविवाहित है। थाने के स्टाफ में दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि 10 अक्तूबर की रात थाने के एक दरोगा ने महिला सिपाही को हेड कांस्टेबल के कमरे में जाते देख लिया। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों रात भर साथ ही रहे। इसके बाद दरोगा ने मामले की जानकारी थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी को दी तो उन्होंने प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए इस संबंध में रिपोर्ट भेज दी।
सीओ की जांच के बाद कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ मीरगंज अजय कुमार को प्रकरण की जांच सौंपी। जांच में दोनों पुलिसकर्मियों के आचरण और अनुशासन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की गई। इसमें सामने आया कि दोनों पुलिसकर्मियों के बीच काफी नजदीकियां हैं और उन्हें अक्सर साथ देखा जाता था। दोनों के समुदाय अलग होने के चलते थाने के पुलिसकर्मियों में भी इसको लेकर रोष व्याप्त था। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों को सस्पेंड कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।










