भूखा-प्यासा रखा, 20 साल की नविवाहिता को टॉर्चर के बाद मार डाला; सास से हुआ था झगड़ा

0
23

रामनगर के खताड़ी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति समेत ससुरालियों ने 20 वर्षीय नवविवाहिता कोहिनूर की निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार को पुलिस ने मामले का खुलासा कर पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। घटना वाले दिन सास ने जो कमीज बेटे को दी थी, कोहिनूर ने पति को पहनने से मना कर दिया था। आरोप है कि उसे पांच घंटे भूखा-प्यासा रखा। फिर बेरहमी से हत्या कर दी।

हल्द्वानी स्थित पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र स्थित डिलारी के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्तूबर को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि बीती 16 मई को बेटी कोहिनूर की शादी रामनगर निवासी उवेश से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली बुलेट बाइक और पांच लाख रुपये दहेज में मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर 16 अक्तूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई। घटना वाले दिन विवाद के दौरान आरोपियों ने उसकी दोनों कॉलर बोन और गर्दन की हड्डी तोड़ दी। मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसका गला घोंटा और हत्या कर दी।

कमीज को लेकर विवाद

पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन सास नसरीन ने अपने छोटे बेटे की कमीज उवेश को पहनने के लिए दी थी। कोहिनूर ने इस पर ऐतराज जताया और अपनी पसंद का कमीज पहनने के लिए कहा। इसी को लेकर विवाद हुआ। एसएसपी के मुताबिक पांच घंटे तक कोहिनूर को भूखा प्यासा रखा गया।

रास्ते से हटाने की योजना बनाई

आरोप है कि कमरे में घंटों बंद रखने के बाद ससुरालियों ने कोहिनूर की हत्या की योजना बनाई। कमरे में दोबारा पहुंचकर उसके साथ मारपीट की गई। अपने बचाव में कोहिनूर ने सास और ननद को धक्का दिया। एसएसपी ने बताया कि इस बीच पति उवेश ने घुटनों के बल कोहिनूर की दोनों कॉलर बोन पर दबाव डालकर उन्हें तोड़ दिया। सास नसरीन ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद गला दबाकर उसकी गर्दन की हड्डी भी तोड़ी।

फंदे के निशान नहीं मिले तो डॉक्टर को हुआ शक

हत्या के बाद आरोपियों ने कोहिनूर को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या की कहानी गढ़ने की कोशिश की। मौत के बाद जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो जांच करने वाले डॉक्टर को उसके गले पर फंदे का निशान नहीं मिला। पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस जगह पर आरोपियों ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही थी, वहां पर्याप्त जगह नहीं थी। संदेह गहराने पर पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का मामला सामने आया। एसएसपी डॉ़ मंजूनाथ टीसी ने बताया निर्मम हत्याकांड में आरोपियों को जेल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here