एक निजी कंपनी के दस साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली से करीब 40 कर्मचारी रविवार को रामनगर स्थित रिजॉर्ट में पहुंचे थे। कंपनी से संबंधित कॉन्फ्रेंस के बाद रविवार देर शाम पार्टी का आयोजन किया गया। तभी एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, कंपनी की शाखाएं नोएडा, दिल्ली और फरीदाबाद समेत कई स्थानों पर हैं। कंपनी में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन कार्यक्रम के लिए चुनिंदा कर्मचारियों को ही बुलाया गया था। कार्यक्रम दो दिनों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए 40 कर्मचारी रामनगर पहुंचे थे।
विश्व विख्यात कॉर्बेट नेशनल पार्क के आसपास बनाए गए आलीशान रिजॉर्ट में होटलों में लगातार पर्यटन बढ़ रहा है। लेकिन पर्यटकों के साथ छेड़छाड़ दुष्कर्म व मारपीट जैसे मामले भी सामने आने से सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
51 युवक-युवतियां मिले थे संदिग्ध हालत में
रिजॉर्ट व होटलों में कई बार अनियमिताएं भी मिली है। बिना आइडी कार्ड के पर्यटकों को एंट्री देना आदि के मामले भी सामने आए हैं। इसी साल जुलाई महीने में एक रिजॉर्ट से 51 युवक युवतियां संदिग्ध हालत में मिले थे। वह दिल्ली, लखनऊ आदि से यहां पर पार्टी करने पहुंचे थे।
10-10 हजार में बुलाई गई थी लड़कियां
पुलिस ने तब रामनगर के एक्रोन रिजॉर्ट में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। 10-10 हजार में लड़कियों को यूपी-बंगाल से बुलाया गया था। युवकों के लिए रिजॉर्ट संचालक नेपाल, पश्चिम बंगाल और यूपी की युवतियां लेकर आया था। पार्टी का आयोजन मेरठ के एक कारोबारी ने किया था।
सेल्स गर्ल के साथ रेप के बाद हड़कंप
रामनगर के रिजॉर्ट में एक निजी कंपनी की सेल्स गर्ल के साथ हुए दुष्कर्म के बाद हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार रिजॉर्ट व होटल में एंट्री से पहले उनकी पहचान व आधार को जमा करना होता है। यदि युवतियां रुक रही हैं तो उनके कमरों के आस-पास सुरक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए। वह अलग से रहे इसकी भी पूरी व्यवस्था संबंधित रिजॉर्ट संचालक की होती है। पूरे रिजॉर्ट में सीसीटीवी कैमरें भी लगाने व अन्य सुरक्षा की व्यवस्था जरूरी होती है, लेकिन रामनगर के रिजॉर्ट में आए दिन दुष्कर्म, छेड़छाड़ के मामलों में भविष्य में बेहतर पर्यटन को लेकर चिंता खड़ी कर दी है। यहां पर विदेशों तक से पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन संदिग्ध गतिविधियों से लोग असुरक्षित समझ सकते हैं।
महिला कर्मी के जाने के बाद किया दुराचार
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कमरे में उसके साथ की सहकर्मी, व आरोपी बैठे थे। बताया कि शराब के नशे में आरोपियों ने सहकर्मी को कमरे के बाहर भेज दिया। इसके बाद उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा युवक दुष्कर्म करने की कोशिश कर रहा था। इतने में उसकी हालत बिगड़ गई।
सेल्स एग्जीक्यूटिव पद पर आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है और कंपनी में सेल्स गर्ल के पद पर है। आरोपी दोनों व्यक्ति भी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करते हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में रिजॉर्ट में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की है। कोतवाली में करीब 15 लोगों से पूछताछ करने की जानकारी सामने आई है।
पर्यटकों की सुरक्षा हवा हवाई
बढ़ने पर्यटन के बाद भी रामनगर में पर्यटकों की सुरक्षा हवा हवाई है। यहां पर आमडंडा समेत कई जगहों पर पर्यटन पुलिस चौकी का गठन किया गया था, लेकिन अब चौकियों का अस्तित्व ही समाप्त हो गया है।
महिला सुरक्षा सेल नहीं
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि रिजॉर्ट होटलों में सुरक्षा के साथ ही महिला सुरक्षा सेल भी बनाया जाना चाहिए। बताया कि रिजॉर्ट व होटलों की सुरक्षा को समय-समय पर परखा जाता है। महिलाओं व युवतियों के रुकने की व्यवस्था अलग होनी चाहिए। कॉर्बेट रिजर्ट व होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान का कहना है कि सुरक्षा की व्यवस्था संबंधित रिजॉर्ट के मैनेजर की होती है। यदि किसी ने नियम तोड़े हैं तो उसके खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करें, पर्यटन के नाम पर संदिग्ध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों से नहीं हो पा रहा संपर्क
घटना की जांच के बीच पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों की ओर से फोन नहीं उठाया गया। कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, पीड़िता की मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।










