उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की भूमिका को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच हरीश की पार्टी हाईकमान के दो दिग्गजों से मुलाकात ने कई के कान खड़े कर दिए हैं। हरीश रावत ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की। मुलाकात में उन्होंने प्रदेश के राजनीतिक हालात पर अपना पक्ष रखा तो हाईकमान ने भी साफ संदेश दिया कि सभी नेता मतभेद भुलाकर एकजुटता और समन्वय के साथ काम करें।
हरीश ने सोमवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। पार्टी के दो शीर्ष दिग्गजों के साथ लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक को आगामी रणनीतियों और राज्य की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
उत्तराखंड कांग्रेस में हलचल
कांग्रेस के गलियारों में बीते कुछ समय से यह चर्चा चल रही थी कि हरीश रावत की राजनीतिक सक्रियता पहले के मुकाबले कम हो रही है। हालांकि, रावत के अनुसार पार्टी हाईकमान के दोनों प्रमुख नेताओं के साथ हुई इस लंबी मुलाकात ने स्पष्ट कर दिया है कि वे राज्य की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय हैं। बैठक के दौरान उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे के समक्ष उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपना पक्ष रखा। राहुल गांधी से आगामी दिशा-निर्देशों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मिलकर और समन्वय से काम करने का संदेश
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने राज्य से जुड़े सभी विषयों पर अपनी बात केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख दी है। रावत के मुताबिक, हाईकमान ने यह स्वीकार किया है कि राज्य को लेकर उन्हें जो फीडबैक और जानकारियां मिल रही थीं, वे उनके आकलन के अनुरूप ही हैं। नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश के सभी नेता आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुटता, सक्रियता और समन्वय के साथ संगठन के लिए काम करें।
संगठन में मतभेद की खबरों पर रावत की सफाई
मुलाकात के बाद अपने बयान में हरीश रावत ने पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं और समन्वय को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद ही संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की दिशा तय करता है। रावत ने कहा, एक-दो व्यक्तियों को छोड़कर बाकी सभी लोग लंबे समय से उनके साथ काम करते आ रहे हैं। पार्टी में हर व्यक्ति का आपकी हर बात से बिना किसी बहस के सहमत होना संभव नहीं है।
पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त दलों को चुनाव चिह्न मिले
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लिए चुनाव चिह्नों का ऐलान कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए आदेश के अनुसार, चुनाव मैदान में उतरने के लिए हिमालय कांति पार्टी को ‘लैपटॉप’ और राज्य स्वराज पार्टी को ‘हीरा’ चुनाव चिह्न मिला है। इसके अलावा, रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) को ‘गन्ना किसान’, जन निर्माण पार्टी को ‘केतली’, उत्तराखंड क्रांति दल को उनकी पुरानी पहचान ‘कुर्सी’ और अपनी जनता पार्टी को ‘ट्रक’ निशान सौंपा गया है।











