प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंची प्रेमिका, बोली- शादी करके ही मानूंगी वर्ना…

0
8

यूपी के शामली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवती देहरादून से बारात लेकर शामली पहुंच गई और प्रेमी के घर पहुंचकर हंगामा किया। यह मामला शुक्रवार को दूसरे दिन पुलिस तक पहुंच गया। गुरुवार देर रात तक दोनों पक्षों में समझौता न होने पर पुलिस ने दोनों को वापस भेज दिया था। युवती की ओर से कोई तहरीर रात में नहीं दी गई। शुक्रवार को युवक के घर पर दूसरी युवती से शादी के चलते मंढ़े की रस्म की गई। इस पर शादी रुकवाने के लिए युवती शुक्रवार शाम थाने में तहरीर लेकर पहुंच गई। उसने युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही युवती ने वीडियो वायरल कर पुलिस प्रशासन से मदद न मिलने पर जान देने की बात कही है।

पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि वह देहरादून की रहने वाली है। सात साल पहले उसके पड़ोस में दिल्ली में मर्चेंट नेवी में तैनात एलम निवासी युवक का आना-जाना था। युवती के मुताबिक 2018 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। 2019 में युवक उसे अपने साथ गांव एलम ले आया। उस समय युवती की उम्र 16 साल थी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिग होने पर जब उसने शादी की बात कही तो युवक हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

युवती ने बताया कि हाल ही में उसे जानकारी मिली कि युवक की शादी दूसरी जगह तय हो गई है। इस पर वह अपनी बहन और परिजनों के साथ गांव एलम पहुंच गई। आरोप है कि वहां युवक के परिजनों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार कर उसे घर से भगा दिया। इसके बाद युवती थाना कांधला पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। वहीं दूसरी ओर, आरोपी युवक अपनी दूसरी युवती से शादी को लेकर तैयारी में जुटा है। शुक्रवार को उसके घर पर मंढ़ा का कार्यक्रम था और शनिवार को बारात जानी है।

कांधला में ही डटी है युवती

देहरादून निवासी युवती शुक्रवार रात भी कांधला में डटी रही। उसका कहना वह युवक से शादी करके ही मानेगी, वरना जान दे देगी। उधर युवक के परिजनों ने आरोपों को निराधार बताया है। युवती का कहना था कि उसने प्रेमी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन अभी तक उसे कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। युवती ने कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलता और उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह अपनी मांग उठाती रहेगी।

प्रार्थना पत्र वायरल कर मांगा न्याय

युवती ने अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। युवती ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। युवती का कहना है कि पुलिस को शिकायत दिए हुए 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन से सहयोग न मिलने पर उसने जान देने की बात लिखी है। युवती का कहना है कि उसकी मौत का जिम्मेदार युवक व उसके परिजन होंगे। वहीं, थानाध्यक्ष बच्चू सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here