CM धामी ने PM मोदी से उत्तराखंड के लिए कई प्रोजेक्ट मांगे, आभार भी जताया

0
8

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य के लिए कई प्रोजेक्ट की मांग की है। धामी ने राज्य के विकास में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया। धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की।

उत्तराखंड के लोकपर्व ईगास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास में सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही राज्य के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए जल्द अनुमति देने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री ने वाह्य सहायतित योजनाओं के लिए सीलिंग (ईएपी कैपिंग) का मुद्दा उठाते हुए उत्तराखंड को छूट देने की मांग भी की है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सिलसिलेवार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ब्योरा रखा। सीएम ने राज्य के हित में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को भेंट स्वरूप हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता एवं आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति दी। साथ ही उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत एवं स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से जुड़े उपहार भेंट किए। मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल भेंट किए।

प्रधानमंत्री मोदी से मांग

● चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण एवं सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग

● दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति

● टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन में रोड कम रेल ट्रैक टनल निर्माण

● बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण, ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन निर्माण

● किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक संस्थान की स्थापना की अनुमति

केंद्र की सहायता से बदल रही तस्वीर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य के विकास को लगातार गति मिल रही है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने विभिन्न प्रोजेक्ट का उल्लेख कर प्रधानमंत्री को बताया कि इनकी मद्द से राज्य के समग्र विकास की इबारत मजबूती से लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग, ऊर्जा, जल विद्युत एवं पेयजल परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा एवं शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया। देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने तथा ऋषिकेश में बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी में सहयोग के लिए भी धन्यवाद किया।

केंद्र से भरपूर सहायता

● 9500 करोड़ रुपये की विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता

● 500 करोड़ रुपये हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास को

● 3,436.08 करोड़ रुपये स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए

● 1200 करोड़ रुपये की देहरादून रिंग रोड परियोजना के अलाइनेंट का अनुमोदन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here