मैं माला पहनाकर उनको थैंक्यू कहना चाहता था, मंच पर दिखे ‘विवाद’ को लेकर हरीश रावत की सफाई

0
29

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘मैं बागेश्वर की अपनी कर्मभूमि में उनको माला पहनाकर उनको थैंक्यू यशपाल कहना चाहता था। लेकिन वह संस्कारों से बंधे हुए व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा, आप बड़े हैं, आप उम्र में बड़े हैं, मैं आपका आदर करूंगा।’

उत्तराखंड के बागेश्वर में आयोजित कांग्रेस की सभा से शुक्रवार को एक बेहद अजीब नजारा सामने आया था, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, मंच पर एक-दूसरे को माला पहनाने को लेकर खींचतान करते दिखे थे। इस दौरान रावत ने तो आर्या के हाथों माला पहन ली थी, लेकिन कई कोशिशों के बाद भी वे यशपाल को माला नहीं पहना सके थे। इस घटना के एक दिन बाद रावत ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई पेश की है। उनका कहना है कि मंच पर जो कुछ भी हुआ वो हमारे बीच आदर व परस्पर स्नेह का एक आदान-प्रदान था। वहीं इस घटना को विवाद का रूप देने के लिए उन्होंने मीडिया को जिम्मेदार बताया और कहा कि उन्होंने पारस्परिक स्नेह व आदर के इस आदान-प्रदान को भी इस रूप में प्रस्तुत कर दिया, जैसे हम आपस में झगड़ रहे हों।

पूर्व सीएम ने इस घटना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि, ‘एक कवि ने कहा है कि हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम। कल बागेश्वर में कुछ ऐसी ही स्थिति एक-दूसरे के प्रति आदर दिखाने के प्रयास में उत्पन्न हुई।’ रावत ने आगे कहा, ‘मैं श्री यशपाल आर्या जी को उनके पद के अनुरूप, उनकी मेहनत व परिश्रम के अनुरूप माला पहनाकर थैंक्यू कहना चाहता था। लेकिन उन्होंने कहा, दाज्यू, मैं आपको माला पहनाऊंगा, यह मेरा अधिकार है।’

आर्या इससे पहले भी मेरे हाथों माला पहनने से इनकार कर चुके

इसके आगे रावत ने बताया कि ये पहला मौका नहीं है, बल्कि इससे पहले भी आर्या मेरे हाथों माला पहनने से इनकार कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘केवल अभी नहीं, पहले भी मैंने एकाध बार प्रयास किया था तो उन्होंने कहा था, दाज्यू, आप बड़े हैं। यह मेरा अधिकार है कि मैं आपको माला पहनाऊं, मैं यह अधिकार छोड़ूंगा नहीं और उन्होंने इस अधिकार को बागेश्वर में भी नहीं छोड़ा।’

रावत बोले- अंत में मुझे ही झुकना पड़ा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, ‘थोड़ा प्रयास मैंने किया, थोड़ा उन्होंने संकोच दिखाया और कुछ गुस्सा भी प्रकट किया कि नहीं, मैं पहनाऊंगा। अंत में मुझे झुकना पड़ा और उन्होंने ही मुझको माला पहनाई। तो यह आदर व परस्पर स्नेह का एक आदान-प्रदान था।’

‘हमारे सभी साथियों ने हमारे भावों को समझा’

हरीश रावत ने दावा किया कि, ‘वहां पर हमारे जितने साथी थे, सबने हमारे भावों को समझा। यहां तक कि शैलजा जी ने भी समझा। उन्होंने भी अपने सिर पर हाथ रखकर कहा कि इसका फैसला हम नहीं कर सकते हैं, यह तो आप लोगों को ही करना है।’

मीडिया को विवाद की खबर के लिए जिम्मेदार बताया

पूर्व सीएम ने आगे कहा, ‘मैं मीडिया के लोगों का आभारी हूं कि उनकी हममें इतनी दिलचस्पी रहती है। उन्होंने हमारे भावों को समझे बिना, पारस्परिक स्नेह व आदर के इस आदान-प्रदान को भी इस रूप में प्रस्तुत कर दिया, जैसे हम आपस में झगड़ रहे हों। श्री यशपाल आर्य हमारे महत्वपूर्ण नेता हैं। मैं बागेश्वर की अपनी कर्मभूमि में उनको माला पहनाकर उनको थैंक्यू यशपाल कहना चाहता था। लेकिन वह संस्कारों से बंधे हुए व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा, आप बड़े हैं, आप उम्र में बड़े हैं, मैं आपका आदर करूंगा।’

अपनी बात खत्म करते हुए हरीश रावत ने मीडिया को नसीहत देते हुए कहा, ‘हमें गलत न समझें। कहीं गलत हैं तो टोकें अवश्य। हमारे विषय में अवश्य लिखें। आलोचना अवश्य करें। मगर कल का यह विषय आलोचना के योग्य नहीं था। खैर, जो आप करें, मगर मैंने सबके सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करना उचित समझा।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here