असम में खुद पर रेप के मुकदमे से फिक्रमंद नहीं कांग्रेस नेता हरक सिंह, बोले- फायदा ही होगा

0
7

उत्तराखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के सीनियर लीडर हरक सिंह रावत ने कहा कि जेनी प्रकरण पर वो गिरफ्तारी या मुकदमे से डरने वाले नहीं हैं। दावा किया कि इससे उन्हें नुकसान नहीं, फायदा ही होगा।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव अगले कुछ महीने में होने हैं और 23 साल पुराना चर्चित जेनी प्रकरण एक बार फिर आ चुका है। मूल रूप से असम की रहने वाली जेनी ने उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर रेप समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वे अपने बेटे के साथ देहरादून पहुंची थीं और बताया कि अपने बेटे को पिता का नाम देना चाहती हैं। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच और मंत्री और उनके बेटे के डीएनए टेस्ट की मांग भी की है। इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर हमलावर हैं। भाजपा नैतिकता की दुहाई देते हुए कांग्रेस को हरक सिंह को पार्टी से निकालने की मांग कर रही है तो कांग्रेस इसे अंकित भंडारी प्रकरण दबाने की साजिश बता रही है। इस पूरे मामले के बीच असम के गुवाहाटी में हरक सिंह पर रेप-अपहरण समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा हुआ है। हालांकि हरक सिंह खुद इस मामले में फिक्रमंद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी और मुकदमे से कोई फर्क नहीं पड़ता। यह भी दावा किया कि इससे उन्हें फायदा ही होगा।

जेनी को लेकर एक बार फिर शुरू हुई बयानबाजी और गुवाहाटी में दर्ज हुए मुकदमे पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने अपनी प्रतक्रिया दी है। देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने बेबाकी से कहा कि उन्हें इन मुकदमों या गिरफ्तारी से कोई फर्क नहीं पड़ता। गुवाहाटी में दर्ज मुकदमे के संदर्भ में डॉ. रावत ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जहां की घटना होती है, जांच भी वहीं होती है। इस मामले को लेकर हो रही राजनीतिक घेराबंदी पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि इससे उन्हें नुकसान होने के बजाय उल्टा फायदा ही होगा। वर्ष 2003 में भी उन्हें जनता का समर्थन मिला था।

ये भी पढ़ें:जेनी प्रकरण में कांग्रेस नेता हरक सिंह पर असम में FIR, रेप समेत कई गंभीर आरोप

मामला 23 साल पुराना है

मूलरूप से असम निवासी जेनी ने कहा कि अक्टूबर 2002 में 16 वर्ष की आयु में वह देहरादून आई थीं और करीब दो महीने तक यमुना कॉलोनी स्थित हरक सिंह रावत के आवास पर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान रावत ने उनसे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाद में एक नारी संस्था में रखने के बहाने उन्हें ”पागलखाने” में भर्ती करा दिया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उन्हें अपनी गर्भावस्था का पता चला।

जेनी ने कहा कि उस समय उन्हें हिंदी बोलनी तो दूर, ठीक से समझनी भी नहीं आती थी और वह केवल 10 प्रतिशत हिंदी समझ पाती थीं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, लेकिन यह नहीं बताया गया कि उनमें क्या लिखा है। उन्होंने अपने तत्कालीन वकील पर भी हरक सिंह रावत के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया।

तब सीबीआई जांच भी हुई थी, जेनी ने जांच पर सवाल उठाए

जेनी ने पहले हुई सीबीआई जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच एजेंसी के अधिकारी उनसे संबंधित संस्था में केवल एक बार मिलने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो उनसे विस्तार से पूछताछ की गई और न ही उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया। उन्होंने पहले कराए गए डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनके और उनके बेटे के रक्त के नमूने ही नहीं लिए गए तो डीएनए परीक्षण कैसे किया गया। उन्होंने इस परीक्षण को दोबारा कराने की मांग की।

धमकाने का आरोप

जेनी ने कहा, ”मेरा बेटा आज 23 साल का है और बिना पिता के बड़ा हुआ है। मुझे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए, मैं सिर्फ अपने बेटे को न्याय दिलाना चाहती हूं। मेरी मांग है कि सीबीआई इस मामले की दोबारा जांच करे और डीएनए परीक्षण भी नए सिरे से कराया जाए।” जेनी ने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस ने उन्हें डराया-धमकाया और देहरादून छोड़ने के लिए मजबूर किया था। उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि वह दोबारा देहरादून न आएं। साथ ही, उन्हें धमकाया गया कि यदि उन्होंने मामले को आगे बढ़ाया तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा और उनकी कहीं सुनवाई नहीं होगी।

प्रदेश के मुद्दों को नए तेवर के साथ जनता के बीच ले जाएगी कांग्रेस

उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर नए तेवर और पूरी ताकत के साथ आम जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। अपने छह दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण के बाद उन्होंने रविवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राज्य के वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक की।

बैठक का उद्देश्य राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करना, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कसना था। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए रोडमैप पर मंथन किया गया। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि चुनाव में सफलता पाने के लिए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को बूथ स्तर तक और हर घर तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। बैठक में तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखेंगे। इसके लिए पार्टी ने केवल बयानबाजी तक सीमित न रहकर सीधे जनता के बीच जाने की रणनीति बनाई है।

इन प्रमुख मुद्दों पर प्रदेशभर में छेड़ेंगे जनआंदोलन

देहरादून। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रदेश की जनता कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। बैठक में इन सभी मुद्दों को सूचीबद्ध करते हुए उन पर बड़े स्तर पर जनआंदोलन चलाने पर सहमति बनी है। इन विषयों पर आम लोगों को जोड़ने के लिए कांग्रेस आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करेगी।

माला विवाद का पटाक्षेप, गले मिले हरीश-यशपाल

बीते दिनों बागेश्वर में कपकोट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में माला पहनाने के विवाद का भी पटाक्षेप हो गया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य गले मिले और एक दूसरे को बुके देकर स्वागत किया। मीडिया से बातचीत करते यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की संस्कृति और संस्कार बड़ों का आदर करने की है। यशपाल आर्य ने उस दिन पर मंच पर वही किया, लेकिन भाजपा इसे दूसरा रूप देने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने कहा कि उस दिन हरीश रावत उनके गले में माला डालना चाहते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि आप बड़े हैं, मेरे आदरणीय हैं, इसलिए ये अधिकार मेरा है। इसी बात को भाजपा ने तोड़ मरोड़कर पेश करने की कोशिश की ताकि जनता में ये संदेश दिया जा सके कि कांग्रेस पार्टी में नेताओं में आपस में मनमुटाव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here