बच्ची की बलि देकर सिद्धि और शक्तियां पाना चाहती थी सोनम, कमरे में मिले तंत्र-मंत्र के निशान

0
11

बुलंदशहर में एक महिला ने तीन साल की बच्ची की बलि देने के लिए मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। चर्चा है कि वह सिद्धि और अलौकिक शक्तियां पाने के लिए उसने ऐसा खौफनाक कदम

यूपी के बुलंदशहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने पड़ोस में रहने वाली तीन साल की बच्ची की बलि देने के लिए मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस घटना का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक व्यक्तिगत जीवन की समस्याओं और अपनी बेटी के दूर चले जाने से आरोपी महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। चर्चा है कि वह सिद्धि और अलौकिक शक्तियां पाने के लिए उसने ऐसा खौफनाक कदम उठाया।

ये घटना मोहल्ला भूड़ का है। तीन वर्षीय मासूम मान्या की निर्मम हत्या के पीछे तंत्र साधना पूरी करने और ‘सिद्धि’ हासिल करने के अंधविश्वास की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि अलौकिक शक्तियां प्राप्त करने के लालच में मासूम की बलि ली गई है। हत्यारोपी सोनम द्वारा अन्य बच्चों की भी बलि देने की योजना थी, ताकि वह अलौकिक शक्तियां हासिल कर अपनी बच्ची और परिवार का सुख हासिल कर सके। इस घटना के बाद मोहल्लेवासियों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं।


कमरे में मिले तंत्र-मंत्र के निशान

सचिन की तीन वर्षीय पुत्री मान्या का शव पड़ोसी महिला के घर से मिलने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी महिला के कमरे में मिले संदिग्ध चित्रों और तांत्रिक क्रियाओं के संकेतों के बाद यह आशंका प्रबल हो गई है कि किसी विशेष तंत्र साधना को पूरा करने या सिद्धि प्राप्त करने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। बताया गया है कि आरोपी महिला सोनम ने सोशल मीडिया के माध्यम से तंत्र-मंत्र करना सीखा और वह कई बच्चों की बलि चढ़ाने की खौफनाक योजना बना रही थी। पुलिस जांच में उसके कमरे से तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री और फर्श पर सफेद पाउडर से बने संदिग्ध चित्र भी मिले हैं। चर्चा है कि चित्रों में कुछ बच्चों के नाम भी लिखे हुए थे।

पुलिस ने किया इनकार

हालांकि पुलिस अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। इसके अलावा उसके कमरे से कुछ मिट्टी के दीये और तंत्र क्रियाओं से जुड़ा अन्य सामान भी बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से मोहल्ला भूड़ के निवासियों में खौफ और आक्रोश है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि उनके ही पड़ोस में इस तरह की तंत्र-मंत्र की गतिविधियां चल रही थीं। मोहल्ले की गलियों से लेकर चौराहों तक लोग इस अंधविश्वास और मासूम की हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here