महिला के साथ रील बनाता नजर आया सात साल से लापता युवक, पुलिस के पास पहुंची पत्नी

0
545

सात साल से लापता युवक सोशल मीडिया पर किसी महिला के साथ रील बनाते हुए दिखाई दिया है। युवक की पत्नी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति उसे और उसके बेटे को छोड़कर घर से भाग गया था। पति के परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी। सालों से उसकी तलाश हो रही थी। अब पत्नी को सोशल मीडिया पर अपने पति की दूसरी महिला के साथ रील बनाते हुए तस्वीरें और वीडियो मिले तो वह चौंक गई। उसने पति और ससुराल वालों पर कई आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के हरदोई से बीते सात साल से लापता युवक का यह मामला संडीला थाना क्षेत्र के आटामऊ गांव और मुरारनगर का है। मुरारनगर की रहने वाली शीलू की शादी 28 अप्रैल 2017 को आटामऊ गांव के जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुरालियों ने सोने की चेन और अंगूठी की मांग की और मांग पूरी न होने पर शीलू को 2017 में ही घर से निकाल दिया गया। इसके बाद शीलू के घर वालों ने पति और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का एक प्रार्थनपत्र दिया। जांच शुरू होने के दौरान जितेंद्र अचानक लापता हो गया।

उसके लापता होने के बाद 22 अप्रैल 2018 को जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू अचानक के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया। पत्नी के मुताबिक सात साल बाद अब सोशल मीडिया पर शीलू को अपने पति की तस्वीरें और वीडियो देखने को मिले। उसमें जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू पंजाब के लुधियाना में एक महिला के साथ रील बनाता दिख रहा है।

शीलू का दावा है कि उसके पति ने वहां दूसरी शादी कर ली है और वही रह रहा है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति से उसकी मोबाइल पर बात भी हुई है। पत्नी का आरोप है कि पति और उसके परिवार के खिलाफ दहेज़ मांगने का मामला दर्ज कराये जाने के कारण उसके पति और ससुर ने यह खेल रचा है।

पीड़ित महिला ने फिलहाल रील और एक नए प्रार्थनपत्र के साथ पुलिस थाने में शिकायत दी है और ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस पूरे मामले के सामने आने के बाद हैरान है। पुलिस के मुताबिक गुमशुदा युवक की रील्स के आधार पर तलाश करके उसकी बरामदगी के बाद जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वो की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here