पुलिस से बदला लेने की आग में सनकी युवक का तांडव, कुल्हाड़ी से सिर पर वार; तीन जख्मी

0
517

एक युवक का पिछले दिनों पुलिसकर्मियों ने आरसी और अन्य कागज नहीं होने पर बाइक सीज कर दी थी। यह बात उसे इतनी नागवार गुजरी कि वह बदले की आग में जलने लगा। उसने देर रात गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। फिर जब उसे पकड़ने और काबू करने और पुलिस फोर्स आई तो दारोगा का हाथ अपने दांतों से काट दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

लक्सर क्षेत्र में गश्त पर गए खानपुर थाने के दो सिपाहियों पर एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बाद में थाने से पहुंचे एक दरोगा व एक सिपाही को भी उसने घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी सीज कर दी है।

कुल्हाड़ी से सिर पर वार

खानपुर थाने के सिपाही सुनील व सत्येंद्र सिंह शनिवार शाम को बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मोहनावाला गांव से आगे मिले एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया। उसे मुसीबत में समझ सिपाही रुके तो आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी बाइक चला रहे सुनील के सिर पर लगी। हेलमेट होने से गंभीर चोट नहीं आई। दोनों सिपाही बाइक से उतरे तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच सुनील व सत्येंद्र ने उसे दबोच लिया। कुल्हाड़ी भी कब्जे में ले ली।

दारोगा के हाथ पर दांत गड़ाया

इसके बाद उन्होंने फोन पर थाने को सूचना दी। इस पर दरोगा उपेंद्र सिंह, सिपाही अमन कुमार के साथ निजी कार से मौके पर पहुंचे। वे आरोपी को कार में बिठाने लगे, तो उसने दरोगा के हाथ पर काट लिया। अमन को भी घायल कर दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई।

पुलिस से बदला लेने की आग

एसआई उपेंद्र सिंह ने बताया, आरोपी जसवीर पुत्र साधूराम निवासी खानपुर की बाइक काफी पहले चेकिंग के दौरान सीज की गई थी। आरसी व अन्य कागजात न होने से वह बाइक नहीं छुड़ा सका। इससे वह पुलिस से नाराज था। इसी के चलते उसने हमला किया। घायल तीनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here