प्रेमी ने प्रेमिका के बूढ़े माता-पिता का किया मर्डर, बेटियों ने भागकर बचाई जान

0
313

मंगलवार तड़के एक बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई और उनकी दो बेटियों को घायल कर दिया गया। घटना शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदरा फलन गाँव में तड़के करीब 3 बजे हुई है। बड़ी बेटी ने अपने प्रेमी पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

मृतकों की पहचान साहेब हेम्ब्रोम (60) और उनकी पत्नी मंगली किस्कू (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उन पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। उनकी बेटियाँ, हीरामनी (32) और बेनी (18) घायल हो गईं और उन्हें झारखंड के दुमका जिले के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लाकड़ा ने पीटीआई को बताया, दंपति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटियाँ भागने में सफल रहीं और पास के एक रिश्तेदार के घर में जाकर छिप गई थीं। लाकड़ा ने बताया कि बड़ी बेटी ने अपने प्रेमी पर अपराध करने का आरोप लगाया है।

अपने बयान में, बड़ी बेटी ने आरोप लगाया है कि उसके प्रेमी, लोकेश मुर्मू ने यह किया है। बड़ी बेटी के मुताबिक पाकुड़ का रहने वाला उसका प्रेमी, माता-पिता द्वारा शादी से इंकार करने से नाराज था। इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। बड़ी बेटी के बयान के मुताबिक, मुर्मू एक हाथ से विकलांग और बेरोजगार था। इसलिए उसके माता-पिता इस शादी का विरोध कर रहे थे।

दंपत्ति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। लाकड़ा ने बताया कि हम अपराध के असली मकसद का पता लगाने के लिए जाँच कर रहे हैं। पुलिस हीरामनी के प्रेमी का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here