एक झापड़ मारेंगे कि पेशाब निकल जाएगा; किसानों से बातचीत के दौरान भड़के SDM

0
530

यूपी के हमीरपुर में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर मंगलवार को कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगाए किसानों को समझाने पहुंचे एसडीएम करणवीर सिंह के बोल बात करते-करते बिगड़ गए। किसी बात पर आपत्ति जताने वाले किसानों से एसडीएम झिड़कते हुए बोले, ‘एक झापड़ मारेंगे पेशाब निकल जाएगा’। एसडीएम का अपशब्द बोलने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

किसान समिति के बाहर सवेरे से लाइन लगाए रहे किसान खाद न मिलने पर भड़क गए। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर जमकर हंगामा काटा। सूचना पर एसडीएम व कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित किसानों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। जाम खुलने के बावजूद किसानों को घंटों परेशान रहने पर भी खाद नहीं मिली। वह अधिकारियों को कोसते हुए घरों को चले गए। किसानों ने रबी फसल की बुवाई को लेकर अपने खेतों को तैयार करना शुरू कर दिया है, लेकिन धीरे-धीरे खाद का संकट गहराने लगा है। अभी डीएपी खाद की डिमांड ज्यादा है। इसके लिए किसान रोज समितियों के चक्कर लगाकर लौट रहे हैं।

सोमवार को नगर के बड़ा चौराहा स्थित पीसीएफ खाद केंद्र में किसानों को डीएपी की जगह एनपीके खाद वितरित की गई थी। मंगलवार को इसी केंद्र में डीएपी वितरित होने की भनक लगते ही सवेरे से किसानों की लाइनें लगा शुरू हो गई। दस बजते-बजते सैकड़ों की संख्या में किसानों की भीड़ जमा हो गई। जब केंद्र प्रभारी रमाशंकर केंद्र पर पहुंचे तो भीड़ देखकर पुलिस को सूचना दे दी। तब तक किसान आक्रोशित होकर नारेबाजी कर हंगामा काटने लगे।

यह देख केंद्र प्रभारी व उनके सहयोगी मौके से निकल गए। इससे आक्रोशित किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। इस जाम में महिला किसान भी शामिल रहीं। राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इस संबंध में केंद्र प्रभारी रमाशंकर ने बताया कि उनके पास पांच सौ बोरी डीएपी व सौ बोरी एनपीके खाद उपलब्ध है, जो 11 सितंबर को किसानों को वितरित की जाएगी।

क्रय-विक्रय समिति में भी लगी किसानों की भीड़

नगर की क्रय विक्रय समिति में भी किसानों को भीड़ रही। आवश्यकता न होने के बावजूद किसानों ने यूरिया खाद खरीदकर रख लेने में अपनी भलाई समझी है। यहां प्रति किसान दो-दो बोरी यूरिया खाद वितरित की गई। केंद्र प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध है, जिन किसानों को यूरिया खाद की जरूरत हो वह क्रय-विक्रय समिति से प्राप्त कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here