उत्तराखंड चुनाव 2027: महिला वोटरों के हाथ सत्ता की चाबी, पिछले चार चुनावों में दिखा दम

0
4

उत्तराखंड में महिलाओं मतदाताओं को प्राथमिकता देना अब राजनीतिक दलों के लिए रणनीतिक के रूप से भी जरूरी है। पिछले विधानसभा चुनाव इसका उदाहरण हैं। महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया।

 उत्तराखंड की मातृशक्ति के सहयोग और सशक्तीकरण के लिए घोषित बैणी-भुली योजना को महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए धामी सरकार के बड़े राजनीतिक दांव के रूप में देखा जा रहा है। महिलाओं को केंद्रित करते हुए अब तक सरकार कई योजनाएं पहले ही शुरू कर चुकी है। अब बैणी भुली योजना भी इस कड़ी का अगला और सबसे बड़ा हिस्सा है।

उत्तराखंड में महिलाओं मतदाताओं को प्राथमिकता देना अब राजनीतिक दलों के लिए रणनीतिक के रूप से भी जरूरी है। इसकी वजह भी है। राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली राज्य की महिलाओं का अब प्रदेश की सरकार बनाने में भी अहम रोल हो चुका है। पिछले तीन विधानसभा चुनाव इसके उदाहरण हैं। इन चुनाव में मतदान में महिलाओं का प्रतिशत पुरुष वोटर के मुकाबले चार से सात प्रतिशत तक ज्यादा रहा है। यानि महिला वोटर जिसके साथ-सत्ता की चाबी उसी के हाथ।

आंकड़े दे रहे गवाही

निर्वाचन विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य के 72.78 वोटर में महिला वोटर की संख्या 34.84 लाख से ज्यादा है। अगले साल जनवरी 2027 में जारी होने वाली फाइनल वोटर लिस्ट में यह संख्या और बढ़ भी सकती है। महिलाओं वोटर की संख्या और उनकी मतदान के प्रति गंभीरता की वजह से प्रदेश के हर राजनीतिक दल के लिए उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इस वजह से भाजपा भी महिला मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रही है तो कांग्रेस भी पीछे नहीं है।

जेन जी के लिए टैबलेट योजना

जहां सरकार 5.20 लाख महिलाओं के लिए बैणी भुली योजना लाई तो जेनजी के लिए टैबलेट योजना का भी ऐलान हो चुका है। वर्ष 2022 में भी सरकार ने इसी प्रकार 2.50 लाख से ज्यादा युवाओं को टैबलेट के लिए डीबीटी के जरिए 12-12 हजार रुपये दिए थे। इस बार कक्षा दस, 12 वीं के छात्रों के साथ ही सरकारी डिग्री कालेज और विश्वविद्यालय परिसरों के के करीब सवा दो लाख छात्रों टैबलेट दिए जाएंगे।

पिछले चार चुनावों में दिखा दम

वर्ष 2007

दूसरे विधानसभा चुनाव में 59.85 लाख वोटर में 59.45 प्रतिशत यानि 35.58 लाख वोटर ने भाग लिया। इस बार महिलाओं ने थोड़ा बढ़त ली। इस चुनाव में 58.95 प्रतिशत पुरुष और 59.45 प्रतिशत महिला वोटर ने मतदान किया। इस वर्ष भाजपा की सरकार बनीं।

वर्ष 2012

तीसरे विधानसभा चुनाव में 63.77 लाख वोटर में से 66.17 प्रतिशत यानि 42.19 लाख वोटर ने भाग लिया। इस बार महिलाओं का मतदान प्रतिशत 68.12 और पुरुषों का मतदान प्रतिशत केवल 64.41 रह गया। इस बार कांग्रेस-पीडीएफ की सरकार बनीं।

वर्ष 2017

चौथे विधानसभा चुनाव आते आते राज्य में वोटर संख्या 76.06 लाख हो गई थी। इनमें 49.22 लाख यानि 64.72 प्रतिशत ने वोट दिया। महिला वोटर का प्रतिशत 68.72 और पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 61.11 ही था। इस बार भी प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनी।

वर्ष 2022

पांचवें विधानसभा चुनाव में 82.66 लाख वोटर में 64.07 प्रतिशत यानि 52.96 लाख वोटर ने भाग लिया। इस बार भी महिलाएं आगे रहीं। इस चुनाव में महिला वोटर का मतदान 67.16 प्रतिशत और पुरुष वोटर का मतदान प्रतिशत 61.27 रहे। इस बार भी भाजपा की सरकार बनीं।

धामी कैबिनेट की बैठक 27 को होगी

विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के मानदेय बढोतरी की राशि 27 नवंबर का तय हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग अपने अपने प्रस्ताव लाने जा रहे हैं। साथ ही कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों और विभागीय नियमावलियों में संशोधन पर भी चर्चा प्रस्तावित हैं। गोपन विभाग के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। कैबिनेट बैठक को सुबह 9.30 बजे तक शुरू करने की व्यवस्था के सीएम ने निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here