‘बेटी का चरित्र हनन कर रहे’; अंकिता भंडारी के माता-पिता ने विनोद आर्य के खिलाफ थाने में तहरीर दी

0
5

अंकिता भंडारी के माता-पिता मामले में विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा चाहते हैं। उन्होंने थाने में तहरीर भी दी। आरोप लगाया कि निजी चैट वायरल करके और झूठे दावे से वो बेटी का चरित्र हनन कर रहे हैं।

अंकिता भंडारी के माता-पिता ने बेटी की निजी व्हाटसऐप चैट सार्वजनिक करने और उसकी मौत के बारे में झूठे दावे करने का आरोप लगाते हुए मामले में दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। मां ने आरोप लगाया कि आरोपी के द्वारा उनकी बेटी का चरित्र हनन किया जा रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ अंकिता के माता-पिता ने रविवार रात देहरादून के राजपुर पुलिस थाने में पहुंचकर तहरीर दी दी थी जिसमें कहा गया है कि उनकी बेटी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने, तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और उनके चरित्र पर लांछन लगाने के मामले में विनोद आर्य पर प्राथमिकी दर्ज की जाए। जानकारी के मुताबिक मामले में अबतक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। सोमवार को दोबारा थाने पहुंचे अंकिता के माता-पिता को जानकारी मिली कि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है।

पुलिस ने क्यों नहीं दर्ज की एफआईआर

इस बारे में पूछे जाने पर राजपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गयी है। उन्होंने बताया, ” शिकायत देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भेज दी गयी है और उनके निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।”

विनोद आर्य के क्या दावे थे

विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में एक संवाददाता सम्मेलन में अंकिता और उसके कथित पुरुष मित्र के बीच हुई चैट के 4,000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। इस चैट का हवाला देते हुए आर्य ने अपने बेटे को बेकसूर बताया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही, चैट को जांच में शामिल करने की मांग करते हुए आर्य ने यह भी दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने आत्महत्या की थी और ऐसा उसने अपने माता-पिता तथा उस पुरुष मित्र के उत्पीड़न से तंग आकर किया था।

अंकिता हत्याकांड

ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों -सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। तीनों को इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गयी है।

पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का आज होगा नार्को टेस्ट

अंकिता भंडारी मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ नार्को टेस्ट के लिए सोमवार को गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए। उनका नार्को टेस्ट मंगलवार को किया जाएगा। रवाना होने से पूर्व राठौड़ ने मीडिया से कहा कि अंकिता मामले में उन्हें सीबीआई की ओर से नोटिस मिला है। वह अपना पक्ष रखने को तैयार हैं। वह नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में सच सामने आना चाहिए। वह सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करेंगे। अंकिता मामले में सामने आए कथित ऑडियो के बाद दून से दिल्ली तक हलचल मच गई थी। मामले में राठौड़ और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here