100 रुपये दिए तो हैं; छात्रों से स्कूल में पेंट करवाने वाली शिक्षिका का शर्मनाक बयान वायरल

0
109

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शिक्षा के मंदिर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेमनगर कैंट स्थित जूनियर हाईस्कूल में मासूम छात्रों के हाथों में पेंटिंग ब्रश थमा दिया गया। मामला तब और बिगड़ गया जब विरोध करने पर शिक्षिका ने बेहद संवेदनहीन तर्क देते हुए कहा कि बच्चों को काम के बदले पैसे दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कैंट बोर्ड ने मामले का संज्ञान लेते हुए शिक्षिका को नोटिस जारी किया है।

बुधवार को प्रेमनगर कैंट जूनियर हाईस्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने देखा कि स्कूल के कुछ छोटे बच्चे परिसर में पेंटिंग का काम कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बच्चों से स्कूल की दीवारें या फर्नीचर पेंट करवाया जा रहा था। जब स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मौके पर पहुंचकर इस पर आपत्ति जताई, तो वहां मौजूद शिक्षिका का जवाब सुनकर हर कोई दंग रह गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘शर्मनाक’ तर्क

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग शिक्षिका से बच्चों से मजदूरी करवाने पर सवाल पूछ रहे हैं। इस पर शिक्षिका बचाव करते हुए कहती नजर आ रही हैं कि “तुम्हारे बच्चों को 100-100 रुपये भी तो मिले हैं।” यानी शिक्षा देने के बजाय बच्चों को चंद रुपयों का लालच देकर उनसे दिहाड़ी मजदूरों की तरह काम करवाया गया। विरोध बढ़ता देख बच्चे काम छोड़कर स्कूल परिसर से बाहर भाग निकले।

कैंट बोर्ड सख्त, शिक्षिका को थमाया नोटिस

मामले की गूंज देहरादून कैंट बोर्ड के दफ्तर तक पहुंची। स्थानीय लोगों ने वीडियो साक्ष्य के साथ इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीईओ कैंट बोर्ड गढ़ी, हरेंद्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीईओ हरेंद्र सिंह ने बताया, “स्कूल में छात्रों से पेंट करवाने की शिकायत मिली है, जो अत्यंत गंभीर मामला है। संबंधित शिक्षिका को ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) जारी कर दिया गया है। बच्चों से इस तरह का काम करवाना नियमों के खिलाफ है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here