काशीपुर में सोमवार सुबह बड़ी घटना हो गई। खनन कार्य में लगे एक डंपर की चपेट में आकर 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद से आरोपी चालक फरार है। आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बेकाबू भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी निवासी जयपाल सिंह (60 वर्ष) घर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात खनन डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने डंपर फूंका
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते डंपर धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरार चालक की तलाश तेज
पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुट गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि डंपर किस खनन कंपनी या ठेकेदार का था और घटना के समय उसके पास वैध अनुमति थी या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।










