एक घर में गजब हो गया। चूहा समझकर जेठानी ने बंद बक्सा खोला तो उसमें से तीन दिनों से छिपकर रह रहा देवरानी का प्रेमी जीजा निकला। देवरानी के जीजा को देखकर जेठानी चौंक गई। शोर-शराबा सुनकर परिवारवाले जुटे तो हंगामा मच गया। परिवारवालों ने देवरानी और उसके जीजा को जमकर कोसा। इसके बाद उनके लव अफेयर को पूरे गांव में प्रचारित कर दिया। परिवारवाले इतने गुस्से में थे कि दोनों को पीट भी दिया। इसके बाद दोनों को गांव भर में घुमाया। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि ‘गर्जना न्यूज’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
घटना उत्तर प्रदेश के उरई जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। बुधवार की सुबह जेठानी को बक्से के अंदर चूहा होने का संदेह हुआ। चूहे को बक्से से निकालकर फेंक देने के इरादे से जेठानी ने बक्सा खोल दिया। लेकिन ये क्या? बक्से में चूहा तो नहीं मिला अलबत्ता उसमें एक जीता-जागता शख्स बंद मिला। एक इंसान को बक्से में से निकलता देख जेठानी के होश उड़ गए। बक्से के अंदर उसकी देवरानी का प्रेमी जीजा छिपा मिला। यह देखकर जेठानी की चीख निकल गई।
शोर-शराबा सुनकर वहां परिवार के अन्य सदस्य दौड़े-दौड़े पहुंचे। इस शख्स के जिस महिला के प्रेमी होने का दावा किया जा रहा है वह महिला विधवा है। परिवारीजनों ने महिला के जीजा को बक्से में से निकलता देखा तो उन्हें सारी बातें समझते देर नहीं लगी। इस स्थिति को देख वे गुस्से से बेकाबू हो गए। उन्होंने महिला और उसके प्रेमी दोनों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ गांववाले भी वहां पहुंच गए। परिवार और गांववालों ने मिलकर युवक को बक्से से बाहर निकाला। इसके बाद उसकी पिटाई की जाने लगी।
परिवार और गांववालों ने महिला और उसके प्रेमी को पीटने के बाद गांव में घुमाया। परिवारीजनों के अनुसार, युवक कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। करीब तीन महीने पहले वह पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था। इसके बाद वह अपनी विधवा साली के संपर्क में आया और दोनों के बीच प्रेम-संबंध हो गए।
साली की ससुराल में 3 दिन से बक्से में बंद था जीजा
बताया गया कि तीन दिन पहले वह साली के घर आया था और बक्से में छिपकर रह रहा था। दिन में वह बक्से के अंदर रहता था, जबकि रात में बाहर निकलता था। बुधवार को यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी रही। बक्से से युवक के निकलने और दोनों को गांव में घुमाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस संबंध में कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच कराई जा रही है।










