पति-परिजनों को नशीला दूध पिलाकर नवविवाहिता प्रेमी संग फरार,पिछले साल हुई थी शादी

0
4

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता ने फिल्म ‘लुटेरी दुल्हन’ की तर्ज पर अपने ही ससुराल वालों को ठिकाने लगाने की साजिश रची। महिला ने अपने पति, सास-ससुर और ननद को दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और फिर घर में रखे करीब एक लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवर समेटकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

शादी के बाद भी बना रहा प्रेमी से संपर्क

डिलारी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पीड़ित युवक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी महज एक साल पहले छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम किरनपुर निवासी युवती के साथ हुई थी। निकाह के बाद सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर कुछ और ही खिचड़ी पक रही थी। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी का निकाह से पहले ही हरविंदर नाम के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी वह चोरी-छिपे फोन पर उससे लंबी बातें करती थी। पति और अन्य परिजनों ने कई बार उसे समझाने और सुधारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी के मोह को नहीं छोड़ सकी।

नशीला दूध और आधी रात को वारदात

पीड़ित युवक के अनुसार, बीते 10 मार्च की रात उसकी पत्नी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत रसोई में रखे दूध में नींद की गोलियां या कोई अन्य जहरीला नशीला पदार्थ मिला दिया। उसने यह दूध पति, ससुर, सास और अपनी ननद को पीने के लिए दिया। दूध पीते ही पूरा परिवार गहरी नींद और अचेतावस्था में चला गया। इसके बाद महिला ने इत्मीनान से घर की अलमारियां खोलीं, वहां रखे एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के तमाम जेवर बटोरे और रात के अंधेरे में अपने प्रेमी हरविंदर के साथ फरार हो गई।

अगले दिन जब दोपहर तक परिवार का कोई सदस्य नहीं जागा, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। किसी तरह होश में आने पर जब युवक ने अलमारी खुली देखी और सामान गायब पाया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने यह भी बताया कि महिला और उसके मायके वाले अक्सर विवाद होने पर उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देते थे। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी हरविंदर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here