उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी की शादी रुकवा दी। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और आखिरकार थाने में ही समझौते के बाद दूल्हा-दुल्हन को सात फेरे लेने पड़े। इस पूरे घटनाक्रम के चलते शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और देर तक हंगामा होता रहा।
जानकारी के अनुसार काशीपुर क्षेत्र की एक युवती की शादी गदरपुर नगर स्थित एक मैरिज हॉल में तय थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम के साथ मैरिज हॉल पहुंची और शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक एक युवती मैरिज हॉल में पहुंच गई और उसने खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए शादी का विरोध शुरू कर दिया। युवती ने आरोप लगाया कि उसका दूल्हे के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और उसे धोखा देकर दूसरी शादी की जा रही है।
शादी समारोह में प्रेमिका को देख प्रेमी के होश उड़े
युवती के हंगामे के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। दूल्हा-दुल्हन के परिजनों के बीच बहस होने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में दोनों परिवारों और संबंधित पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली। बताया जा रहा है कि युवती ने पुलिस के सामने भी दूल्हे के साथ अपने प्रेम संबंधों का दावा किया और शादी रोकने की मांग की। इस दौरान पुलिस ने सभी पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
थाने में पंचायत हुई, फिर सात फेरे
काफी देर तक चली बातचीत और समझौते के बाद आखिरकार मामला शांत हुआ। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन को दोबारा विवाह की रस्में पूरी करने के लिए कहा गया और शादी की प्रक्रिया फिर से शुरू कराई गई। बताया जा रहा है कि थाने में ही रस्में पूरी कराई गईं, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शादी समारोह के दौरान हंगामे और पुलिस की मौजूदगी को देखा जा सकता है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
वहीं गदरपुर थाने के एसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि इस मामले में युवती की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में इस अनोखी शादी की चर्चा जोरों पर है।








