गैस सिलेंडर दिलाने के बहाने युवती से गैंगरेप, गंदा वीडियो भी बनाया; गाजियाबाद में शर्मनाक घटना

0
3

रसोई गैस सिलेंडर दिलाने के बहाने युवती को खेत में ले जाकर कथित तौर पर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा युवती का अश्लील वीडियो बनाकर दो दिन तक उसे ब्लैकमेल भी किया गया। पुलिस ने इस संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गाजियाबाद के मोदीनगर के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती के घर में रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। उसने अपने पड़ोस में रहने वाले 40 वर्षीय अरविंद कुमार से यह बात बताई। इस पर अरविंद शुक्रवार दोपहर को युवती को सिलेंडर दिलाने की बात कहकर धोखे से अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह युवती को ईख के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच गांव का ही रहने वाला एक और युवक पंकज भी आ गया और उसने उनका वीडियो बना लिया। पंकज वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसके बाद पंकज ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह युवती अपने घर आ गई। पंकज ने युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी दी तो पीड़ित युवती ने यह बात परिजनों को बता दी। इसके बाद परिजन युवती को लेकर भोजपुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पीड़ित युवती की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती का मेडिकल कराकर मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान भी दर्ज करा दिए गए हैं। इस मामले में आरोपी अरविंद कुमार और पंकज दोनों को ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी दबोचा

वहीं, एक अन्य मामले में मोदीनगर के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से किशोरी को ब्लैकमेल कर था। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपी का नाम अनुज कुमार है।

किशोरी लापता, अपहरण की आशंका

इसके अलावा मोदीनगर के निवाड़ी थानाक्षेत्र से एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जिला बिजनौर के एक गांव निवासी व्यक्ति गांव खिदौड़ा स्थित गन्ना क्रेशर पर दस साल से परिवार सहित काम करते हैं। दो दिन पहले किशोरी घर से चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब नहीं मिली तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here